पंजाब-चंडीगढ़ में आज से बदलेगा मौसम:19 तक आंधी और बारिश का अलर्ट, तापमान गिरेगा; मार्च में 97 प्रतिशत कम बरसे बादल

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विभाग ने आज (14 मार्च) से अगले 4 दिनों तक राज्य में गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई इलाकों में बारिश की संभावना भी जताई गई है। पिछले 24 घंटों में तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री की कमी आई है, हालांकि यह अभी भी सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान फरीदकोट में 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि अब सभी जिलों का तापमान इससे नीचे आ गया है, जबकि इससे पहले कई जगहों पर तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया था। आज से वेस्टस्टर्न डिर्बेंस एक्टिव मौसम विभाग के मुताबिक आज से एक नया वेस्टस्टर्न डिर्बेंस सक्रिय हो रहा है, जो पहले पहाड़ी क्षेत्रों को प्रभावित करेगा। इसके असर से आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और कुछ स्थानों पर बारिश तथा तेज हवाएं चलने की संभावना है। आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, फाजिल्का और श्री मुक्तसर साहिब में कुछ जगहों पर गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राज्य में 97% कम बारिश रिकॉर्ड मार्च महीने में राज्य सामान्य तौर पर 11.9 मिमी बारिश दर्ज की जाती है, लेकिन इस बार अब तक राज्य में केवल 0.4 मिमी बारिश हुई है। यानी पूरे पंजाब में औसत वर्षा सामान्य से करीब 97 प्रतिशत कम रही है। जिलों के अनुसार गुरदासपुर में 2.7 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 87 प्रतिशत कम है। अमृतसर में 2.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 86 प्रतिशत कम रही। वहीं पठानकोट में 1.9 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 94 प्रतिशत कम है। होशियारपुर में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 97 प्रतिशत कम है, जबकि तरन तारन में केवल 0.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 98 प्रतिशत कम है। इसके अलावा राज्य के कई जिलों में बिल्कुल भी बारिश दर्ज नहीं हुई। बरनाला, बठिंडा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला और संगरूर समेत कई जिलों में 0 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य के मुकाबले 100 प्रतिशत की कमी को दर्शाती है। इससे साफ है कि इस अवधि में पंजाब के ज्यादातर हिस्सों में बारिश सामान्य से काफी कम रही। हल्की बारिश की संभावना मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। साथ ही अगले 7 दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। अगले 3 दिन ऐसा रहेगा मौसम 15 और 16 मार्च: पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरन तारन, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, एसबीएस नगर (नवांशहर), रूपनगर, एसएएस नगर (मोहाली), फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना और पटियाला जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 17 मार्च: पठानकोट, होशियारपुर, एसबीएस नगर (नवांशहर) और रूपनगर जिलों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *