पंजाब और चंडीगढ़ में आज से मौसम पूरी तरह बदलने वाला है। तीन दिन तक तूफान, बिजली के साथ तेज़ हवाएं चलने का येलो अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। गत 24 घंटे में तापमान में 1.1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अब यह सामान्य के करीब पहुंच गया है। सबसे अधिक 31.1 डिग्री तापमान आनंदपुर साहिब में दर्ज किया गया है। 10 जिलों में आंधी की संभावना मौसम विभाग के मुताबिक आज लगभग सभी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। जबकि दस जिलों में 50–60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना है। इन जिलों में फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला शामिल हैं। नया पश्चिमी विक्षोभ ईरान के पास पश्चिमी विक्षोभ इस समय ऊपरी हवा में एक ट्रफ (कम दबाव की लकीर) के रूप में बना हुआ है। यह जमीन से करीब 5.8 किमी ऊंचाई पर 76°E के आसपास, 32°N के उत्तर की तरफ स्थित है। एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी बन रहा है, जो पश्चिमी ईरान और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा में चक्रवाती सिस्टम के रूप में मौजूद है। यह करीब 5.8 से 7.6 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है, जो धीरे-धीरे आगे बढ़ेगा। अब लगातार तामपान गिरेगा मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 28 और 31 से 2 तारीख तक राज्य में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 29 और 30 तारीख को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट आएगी। इसके बाद अगले 2 दिनों में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी। फिर अगले दो दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट और उसके बाद फिर 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। 28 तारीख को राज्य में कुछ स्थानों पर 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक (आंधी/बिजली) की संभावना है। 29 से 30 तारीख के दौरान कुछ स्थानों पर 40 से 50 किमी/घंटा (झोंके 60 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की संभावना है।