नमस्कार, पंजाब की आज की पहली सबसे बड़ी खबर भाजपा के ऑपरेशन लोटस चलाने के दावे की है। संगरूर से आम आदमी पार्टी की विधायक नरिंदर कौर भराज ने दावा किया कि हरियाणा के CM नायब सैनी ने उन्हें बंद कमरे में मीटिंग का ऑफर दिया और संगरूर से टिकट देने का वादा किया। दूसरी बड़ी खबर भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ हड़ताल से जुड़ी रही। कई जिलों में इसका मिलाजुला असर देखने को मिला है। कॉन्ट्रैक्ट मुलाजिम हड़ताल पर हैं, लेकिन पक्के कर्मी सेवाएं मुहैया करवा रहे हैं। बसें चल रही हैं। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. आप MLA का दावा- हरियाणा CM ने कहा- बंद कमरे में मिलो, टिकट दूंगा
संगरूर से आम आदमी पार्टी (AAP) की विधायक नरिंदर कौर भराज ने दावा किया कि हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी ने उन्हें बंद कमरे में मीटिंग का ऑफर दिया और संगरूर से टिकट देने का वादा किया। भराज ने कहा कि ऑपरेशन लोटस की चर्चा जिस तरह पूरे देश में है उसी तर्ज पर हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने पिछले दिनों में मेरे साथ संपर्क किया और बंद कमरे में मीटिंग का प्रपोजल दिया। बंद कमरे में भाजपा की अगली राजनीति पर चर्चा करने के लिए संपर्क किया। (पढ़ें पूरी खबर) 2. बठिंडा में सूटकेस में मिली लाश मोगा की युवती की निकली बठिंडा में 11 फरवरी को लाल रंग के सूटकेस में पैक मिली युवती की लाश की पहचान हो गई है। वह मोगा के बाघा पुराना की रहने वाली थी और पिछले कुछ समय से बठिंडा में अपनी एक दोस्त के साथ रह रही थी। युवती का नाम मलिका है। फिलहाल उसके परिवार का कोई सदस्य सामने नहीं आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, युवती की गर्दन पर बने काकू नाम के टैटू से पुलिस परिजनों तक पहुंची। इसके बाद उसकी पहचान हुई। उसका शव आधा जला हुआ था और उस पर चोट के निशान भी थे। (पढ़ें पूरी खबर) 3. तरनतारन में छात्रा की हत्या करने वाले युवक की मौत तरनतारन के लॉ कॉलेज में छात्रा की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी छात्र की भी मौत हो गई है। छात्र ने क्लासरूम में छात्रा संदीप कौर को गोली मारकर खुद को शूट कर लिया था। इसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। आरोपी ने छात्रा को प्रपोज-डे पर प्रपोज किया था। लेकिन छात्रा ने उसका प्रपोजल ठुकरा दिया। इससे वह नाराज था। (पढ़ें पूरी खबर) 4. पंजाब में बंद का मिलाजुला असर, बसें चल रहीं, बैंक-बाजार खुले
भारत और अमेरिका के बीच हुई ट्रेड डील के खिलाफ ट्रेड यूनियन, किसान संगठन और कर्मचारी संगठन आज हड़ताल पर हैं। पंजाब के कई जिलों में इसका मिलाजुला असर देखने को मिला है। कॉन्ट्रैक्ट मुलाजिम हड़ताल पर हैं, लेकिन पक्के कर्मी सेवाएं मुहैया करवा रहे हैं। बसें चल रही हैं। बाजार खुले हैं और बैंकों में भी काम चल रहा है। हालांकि, बंद से विभागों में कामकाज प्रभावित जरूर हो रहा है। लेकिन पूरी तरह से बंद नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. पाकिस्तान गई पंजाबी महिला सरबजीत की नई तस्वीर सामने आई पाकिस्तान गई कपूरथला की महिला सरबजीत कौर की एक नई तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह अपने वकील के साथ कार में बैठी हुई नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि सरबजीत किसी कानूनी प्रक्रिया के सिलसिले में वकील के साथ जा रही थी। उसे शेल्टर होम से रिहा कर दिया गया है। अब वह अपने पति के घर वापस चली गई है। सरबजीत पिछले साल 4 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 1923 श्रद्धालुओं के जत्थे के साथ पाकिस्तान गई थी। यहां उसने निकाह कर लिया था। (पढ़ें पूरी खबर) 6. सिंगर सलीम के मैनेजर से बोला बदमाश- सीने में गोलियां भर दूंगा पंजाबी और बॉलीवुड सिंगर मास्टर सलीम के मैनेजर को धमकी देने वाले की कॉल रिकॉर्डिंग सामने आई है। धमकी देने वाले ने मैनेजर जोश को कहा कि तेरे सीने में इतनी गोलियां उतारेंगे कि डॉक्टर भी निकालते हुए थक जाएंगे। इसका जवाब देते हुए मास्टर सलीम का मैनेजर जोश कहता है कि यह तो किसी फिल्म का डायलॉग है और सुना-सुना लग रहा है। और भी कोई डायलॉग है तो याद कर ले। जितनी गालियां तेरे पास हैं निकाल ले। नहीं तो तू घर जाकर अपने परिवार पर ही गुस्सा करेगा। (पढ़ें पूरी खबर) 7. ट्रैवल एजेंट के बाउंसरों ने गर्भवती को पीटा, पति के सिर में कड़े मारे जालंधर में ट्रैवल एजेंट कंपनी के बाहर बाउंसरों ने व्यक्ति और उसकी गर्भवति पत्नी को बुरी तरह पीटा। हंगामा होने और लोगों के पहुंचने पर ट्रैवल एजेंट के कर्मचारी पीछे की दावारों को फांदकर निकल गए। महिला ने आरोप लगाया कि उसने माइनर वीजा के लिए अप्लाई कर रखा था। एजेंट को 3 लाख 42 हजार रुपए दिए। लेकिन न तो वीजा लगा और न ही एजेंट पैसा दे रहा है। एजेंट ने फरवरी में पैसा ले जाने का टाइम दिया था। हमले का एक वीडियो भी सामने आया है। (पढ़ें पूरी खबर) 8. दल खालसा के नेता बोले- सिखों पर हिंदुत्व संस्कृति थोपने की कोशिश भारत सरकार की ओर से राष्ट्रगान जन गण मन से पहले राष्ट्रगीत वंदे मातरम गाने संबंधी जारी निर्देशों को लेकर विवाद गहरा गया है। इस फैसले पर सिख संगठन दल खालसा ने कड़ा ऐतराज जताया है और इसे सिख पहचान व धार्मिक भावनाओं के खिलाफ बताया है। दल खालसा के नेता कंवरपाल सिंह बिट्टू ने कहा- यह फैसला भारतीयता के नाम पर हिंदुत्व विचारधारा को सिख समुदाय पर थोपने का प्रयास है। सिख होने के नाते हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर) 9. लुधियाना में फार्मेसी स्टूडेंट से पिता ने रेप किया लुधियाना में प्राइवेट कॉलेज में फार्मेसी की स्टूडेंट का उसके पिता ने ही रेप कर दिया। 21 साल की स्टूडेंट घटना के वक्त घर में अकेली थी। इसी दौरान पिता शराब के नशे में आया। उसे जबरन कमरे में ले जाकर बेड पर पटक दिया। इसके बाद जबरदस्ती उसका रेप किया। अगले दिन वह कॉलेज पहुंची और सहेलियों के सामने रोने लगी। जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद उसने वहीं पुलिस बुला ली। पुलिस ने पिता के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर लिया है। (पढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 10. चंडीगढ़ में साइकिल पर ढोया चोरी का सामान चंडीगढ़ में चोर घर में चोरी के बाद सामान साइकिल पर ढो कर ले गया। इसका वीडियो भी सामने आया है। उसने बुधवार को दिनदहाड़े घर से 10 लाख के सोना-चांदी के गहने और गैस सिलेंडर चुराया। घर के मालिक सोहन ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता पड़ोस में व्यक्ति की मृत्यु होने पर आयोजित भोग कार्यक्रम में गए हुए थे। घर पर उसकी पत्नी मौजूद थी, जो पहली मंजिल पर काम कर रही थी और नीचे दरवाजे की कुंडी लगाकर गई थी। इस बीच चोर घर में घुसा। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)