पंजाब दिनभर,10 बड़ी खबरें:CM बोले- जड़ों में बैठूंगा; ₹2.10 लाख में बेची बच्ची, रोई तो पकड़े गए; बड़े भाई के गम में छोटे ने दम तोड़ा

नमस्कार, पंजाब की आज की पहली सबसे बड़ी खबर मोगा में AAP सरकार की रैली की रही। यहां CM भगवंत मान ने कहा कि मैं BJP, कांग्रेस व अकाली दल वालों की जड़ों में बैठूंगा। इस दौरान उन्होंने बिक्रम मजीठिया पर भी निशाना साधा। हालांकि कांग्रेस व अकाली दल ने रैली में DGP और CS के संबोधन करने पर सवाल उठाए। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. CM भगवंत मान बोले- BJP-कांग्रेस की जड़ों में बैठूंगा मोगा में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार की नशा विरोधी रैली हुई। इसमें CM भगवंत मान ने कहा कि मैं बीजेपी, कांग्रेस व अकाली दल वालों को कहता हूं कि मैं तुम्हारी जड़ों में बैठूंगा। उन्होंने बिक्रम मजीठिया पर नाम लिए बिना निशाना साधा। वहीं रैली को लेकर अकाली दल ने सवाल उठाए हैं। दलजीत चीमा ने कहा कि राजनीतिक रैली को सरकारी प्रोग्राम बनाया गया। यहां DGP और चीफ सेक्रेटरी का संबोधन कराया गया। (पढ़ें पूरी खबर) 2. सिद्धू मूसेवाला फैमिली से ₹30 करोड़ की हेराफेरी पर FIR पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की मां चरण कौर के बयानों के आधार पर मानसा पुलिस ने एक कंपनी समेत 3 के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई 30 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी के आरोपों को लेकर की गई है। पिछले सप्ताह मूसेवाला के माता-पिता ने मानसा में SSP कार्यालय के बाहर फर्श पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि कंपनी उनके साथ धोखाधड़ी कर रही है। कंपनी मालिक उनके दिवंगत बेटे सिद्धू मूसेवाला की कमाई खा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) 3. बैंड बाजे वाले बयान पर बाजवा को हाईकोर्ट से राहत पंजाब में विपक्षी दल कांग्रेस के नेता प्रताप सिंह बाजवा को उनके ‘बैंड-बाजे वाले’ बयान मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने पंजाब एससी आयोग के नोटिस पर स्टे लगा दिया है। साथ ही, अदालत ने पंजाब सरकार को भी नोटिस जारी किया है। 7 फरवरी को रैली में प्रताप सिंह बाजवा ने मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को लेकर कहा था कि “यहां वाला हरभजन सिंह ईटीओ पहले बैंड बजाता रहा है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. राजा वड़िंग बोले- डिप्टी सीएम कोई पद नहीं होता पंजाब कांग्रेस मिशन 2027 की तैयारी में जुट गई है। मनरेगा की रैलियां संपन्न होने के बाद अब पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल व प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अहम मीटिंग कर रहे हैं। आज चंडीगढ़ में मीटिंग हुई। इस मौके पर कांग्रेस प्रधान से जब मीडिया ने सवाल किया कि पंजाब में दो डिप्टी सीएम लगाए जा रहे है। इस पर उनका जवाब था कि यह पद संवैधानिक नहीं है। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि क्या इस बार कांग्रेस ऐसा नहीं करेगी, तो उनका जवाब था कि यह फैसला हाईकमान को लेना है। (पढ़ें पूरी खबर) 5. लुधियाना में दिनदहाड़े नवजात बच्ची का ₹2.10 लाख में सौदा लुधियाना में दिनदहाड़े बच्चे बेच रहे कुछ लोगों को काबू किया गया। महिला के पास एक नवजात बच्चा था, जो लगातार रो रहा था। जब लोगों ने सख्ती से पूछताछ की तो महिला के बयानों ने सबको चौंका दिया। महिला ने कबूल किया कि उसने बच्चा 2 लाख 10 हजार रुपए देकर खरीदा है। महिला ने बताया कि वह बच्चा लेने के लिए मोगा से आई है। लोगों ने डिवीजन नंबर 3 पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने BAMS डॉक्टर समेत 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया, जबकि मौके से 5 लोगों को पकड़ा। (पढ़ें पूरी खबर) 6. मोहाली में इकलौते बेटे की किरच मारकर हत्या मोहाली में शिवरात्रि के मौके पर मंदिर से पूजा कर लौट रहे युवक की किरच (चाकू) मारकर हत्या कर दी गई। इससे गुस्साए परिजनों ने सोमवार (16 फरवरी) सुबह फोर्टिस अस्पताल के बाहर पहुंचकर प्रदर्शन किया। क्योंकि, इसी अस्पताल में CM भगवंत मान भर्ती थे। लोगों का आरोप है कि आरोपी युवक अन्य राज्यों से संबंध रखते हैं। उनकी बाइक भी पुलिस ने जब्त की है। इसके बाद भी अभी तक आरोपी पकड़े नहीं गए। मृतक गुरसेवक सिंह हरियाणा में टोहाना का रहने वाला है। (पढ़ें पूरी खबर) 7. बड़े भाई की मौत का सदमा सहन नहीं कर सका छोटा भाई
फिरोजपुर में 7 घंटे के अंदर 2 सगे भाइयों की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। बड़े भाई को सुबह करीब 8 बजे अचानक दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें संभाल पाते, इससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बड़े भाई की अचानक हुई मौत से छोटे भाई को गहरा सदमा लगा। दोपहर को बड़े भाई का अंतिम संस्कार किया गया। इसके बाद छोटा भाई बड़े भाई के कमरे में गया और उसी बिस्तर पर लेट गया, जहां सुबह बड़े भाई ने अंतिम सांस ली थी। कुछ ही देर बाद छोटे भाई ने उसी बिस्तर पर दम तोड़ दिया। (पढ़ें पूरी खबर) 8. गोल्डन टेंपल के विवादित AI वीडियो बनाए अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल की पवित्र परिक्रमा से जुड़े AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) जनरेटेड 3 विवादित वीडियो बनाए गए। पहले वीडियो में लड़का जूते पहनकर गोल्डन टेंपल की पवित्र परिक्रमा में खड़ा दिखाई देता है और फिर कार में बैठकर परिसर से बाहर जाता नजर आता है। दूसरे वीडियो में श्री दरबार साहिब का परिवर्तित दृश्य दिखाया गया है, जो सिख धर्म की मर्यादा के खिलाफ है। तीसरे वीडियो में कपल को गोल्डन टेंपल के सामने आपत्तिजनक हरकत करते दिखाया गया। पुलिस ने FIR दर्ज की है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. चंडीगढ़ में बच्चे को कुत्ते ने काटा, पड़ोसी भिड़े चंडीगढ़ में पुलिसकर्मी के 7 साल के बेटे को कुत्ते ने काट लिया। इसके बाद 2 परिवार आपस में भिड़ गए। विवाद हाथापाई और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कुत्ते के मालिक का कहना है कि उनकी मां घर के बाहर बैठी थीं और कुत्ता पास में था। इसी दौरान ऊपरी मंजिल में रहने वाले परिवार के बच्चे की गेंद नीचे गिरी। बच्चा जैसे ही गेंद उठाने आया, कुत्ते ने काट लिया। उन्होंने तुरंत बच्चे को छुड़ाया और पिता से माफी भी मांगी, लेकिन इसके बाद विवाद बढ़ गया। (पढ़ें पूरी खबर) 10. पंजाब के सस्पेंड DIG भुल्लर की जमानत याचिका खारिज पंजाब पुलिस के सस्पेंड DIG हरचरण सिंह भुल्लर को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से झटका लगा है। हाईकोर्ट ने जमानत याचिका को खारिज कर दिया, जिसके बाद अभी भुल्लर जेल में ही रहेंगे। भुल्लर के वकील ने कहा कि CBI ने जिस शब्द ‘सेवा पानी’ को रिश्वत बताया है, उसका मतलब कुछ और भी हो सकता है। यह जरूरी नहीं कि वह रिश्वत के लिए ही कहा गया हो। हालांकि इससे पहले चंडीगढ़ CBI कोर्ट ने जमानत याचिका खारिज की थी। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *