जालंधर पुलिस का ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ मुहिम के तहत एक कार्रवाई का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें पुलिस अपनी प्राइवेट गाड़ी की डिक्की में नीला ड्रम लाती है और फिर शराब बरामदगी दिखा देती है। इसके बाद पुलिस शाहकोट थाने में 9 अप्रैल को FIR नंबर-90 दर्ज करती है। FIR में पुलिस ने दावा किया कि उसने अकरम नाम के युवक के घर से 35 लीटर लाहन (देसी शराब) बरामद की। पुलिस और एक्साइज टीम ने दावा किया कि लाहन तूड़ी वाले कमरे में नीले ड्रम में मिली। हालांकि, CCTV फुटेज में पुलिस गाड़ी की डिक्की से नीला ड्रम निकालते हुए दिखती है। वीडियो आने के बाद SHO और ASI समेत एक लेडी कॉन्स्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। SSP देहात हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि SHO वलविंदर सिंह, ASI सुखविंदर सिंह, लेडी कांस्टेबल हैवनप्रीत कौर के खिलाफ कार्रवाई हुई है। मामले में DIG नवीन सिंगला ने कहा था कि उन्हें पुलिस के इस कारनामे के बारे में कोई जानकारी नहीं है। अगर ये फेक रेड है तो जिम्मेदारों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा। देखिए पुलिस रेड के PHOTOS… पहले जानिए वीडियो में क्या दिख रहा घर के अंदर नहीं था कोई, पुलिस सीधा अंदर गई सूत्रों का कहना है कि घर में कोई नहीं था। सीसीटीवी में दिख रहा है कि घर के अंदर से कोई भी बाहर नहीं आता है। घर का गेट भी अंदर से खुला होता है। पुलिस आते ही गेट खटखटाती नहीं है और सीधे अंदर चली जाती है। घटना के 2 दिन बाद भी आरोपी घर पर नहीं मिला घटना के 2 दिन बाद भी अकरम घर पर नहीं मिला। घर में जाकर जब परिवार से घटना के बाद पूछा गया तो सब सहमे थे और पुलिस के बारे में कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। गांव वालों के मुताबिक अकरम मजदूर है और राजनीतिक वर्कर भी है। उस पर दो केस दर्ज थे। एक मारपीट का। दूसरा- धार्मिक भावना से जुड़ा। पुलिस को किसने क्या सूचना दी थी ये तो पुलिस ही बता सकती है। DIG बोले- फैक्ट सही मिला तो डिपार्टमेंटल एक्शन होगा इस संबंध में DIG नवीन सिंगला ने कहा था कि मुझे पुलिस के इस कारनामे के बारे में कोई जानकारी नहीं है। अगर इसका सीसीटीवी फुटेज है तो जांच की जाएगी कि असल में क्या हुआ है। अगर जांच में सामने आया कि यह फैक्ट सही हैं, तो पुलिस टीम पर डिपार्टमेंटल कार्रवाई होगी।