पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक दलों में टिकट को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है, वहीं नेताओं के बीच अंदरूनी खींचतान भी सामने आने लगी है। फतेहगढ़ साहिब में कांग्रेस नेताओं के बीच टिकट को लेकर विवाद खुलकर सामने आया। दूसरी ओर, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रैली के लिए रोटियां बनाने वाली बुजुर्ग महिला से फोन पर बात कर राजनीतिक संदेश दिया। उधर, नवजोत सिंह सिद्धू ने सोशल मीडिया पर रील शेयर कर सियासी विरोधियों पर निशाना साधा। जानिए आज के टॉप पॉलिटिकल अपडेट… फतेहगढ़ साहिब में कांग्रेस के जिला प्रधान ने फाइनल की टिकट
फतेहगढ़ साहिब से कांग्रेस के जिला प्रधान सुरिंदर सिंह रामगढ़ ने पूर्व MLA कुलजीत नागरा की टिकट फाइनल होने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने टिकट के दावेदार NSUI के इशरप्रीत सिंह को नसीहत दी कि वह जो भी काम करें, पार्टीलाइन में करें। उन्होंने चेतावनी भी दी कि वह अनुशासन में रहें, वर्ना हाईकमान को लिखकर भेज देंगे। इस बारे में उन्हें मैसेज भी कर दिया है। CM भगवंत मान ने बुजुर्ग महिला से बात की
वहीं CM भगवंत मान ने पिछले दिनों आम आदमी पार्टी की रैली में हिस्सा लेने वालों के लिए घर से रोटियां बनाकर ले जाने वाली फरीदकोट की बुजुर्ग महिला से फोन कर बात की। इस दौरान मान ने कहा कि मैंने आपकी वीडियो देखी, आप रोटियां बनाकर लेकर गए थे। माताओं का बहुत बड़ा आशीर्वाद है, इससे बड़ा कुछ और नहीं हो सकता। महिला ने बताया कि वह कोटकपूरा के हरिएवाला गांव की है। यह गांव स्पीकर कुलतार संधवां के हलके में आता है। मान ने कहा कि मैं वहां आऊंगा। मान ने ये भी कहा कि जो भी आपको गांव में चाहिए, हमारी टीम को बता दें। नवजोत सिद्धू की रील, पीठ पीछे भौंकते बड़े
पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिद्धू ने अपने सोशल मीडिया पर रील शेयर की। इसमें उन्होंने कहा तो कुछ नहीं लेकिन बैकग्राउंड में गाना लगाया- जट्ट मूरे अंख नहीं चकदे, पिठ पीछे बोलदे बड़े। माना जा रहा है कि इसके जरिए वह पंजाब में अपने सियासी विरोधियों पर निशाना साध रहे हैं। कल ही उनकी पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने नई पार्टी से चुनाव लड़ने का ऐलान करते हुए कहा था कि सिद्धू अब किसी पार्टी में नहीं। कांग्रेस ने 2022 के बाद उन्हें कभी नहीं बुलाया। कांग्रेस ने ब्लॉक प्रधानों की सूची जारी की पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ब्लॉक प्रधानों की सूची जारी की। जिसमें लुधियाना के 15 ब्लॉक प्रधानों के नाम शामिल हैं। आत्मा नगर के लखबीर सिंह, लुधियाना सेंट्रल के विपन अरोड़ा, लुधियाना सेंट्रल के सरबजीत सिंह, लुधियाना ईस्ट के हरमिंदर सिंह (मोनू खिंडा), लुधियाना ईस्ट के संजीव कुमार शर्मा, साहनेवाल के बलवीर सिंह गिल, साहनेवाल के ताज परविंदर सिंह सोनू, गिल (एससी) के बादशाह एस देओल (सरपंच लाधोवाल), गिल (एससी) के मनजिंदर सिंह नोनी, रायकोट के हरप्रीत सिंह बोपाराय, रायकोट के रविंदर सरपंच अब्बूवाल, पायल के गुरविंदर सिंह गिल और पायल के गुरमेल सिंह को ब्लॉक प्रधान चुना गया। गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया का परिवार लड़ेगा विधानसभा चुनाव
गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के परिवार का कोई ना कोई सदस्य 2027 में विधानसभा चुनाव लड़ेगा। भगवानपुरिया की मौसी बीबी राजविंदर कौर ने गुरुवार को डेरा बाबा नानक में इसके संकेत दिए हैं। भगवानपुरिया की मौसी बीबी राजविंदर कौर डेरा बाबा नानक से ब्लॉक समिति चुनाव जीती थीं। गुरुवार को उन्होंने ब्लॉक समिति चेयरपर्सन के तौर पर अपना पद औपचारिक रूप से संभाल लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर अकाल पुरख चाहेगा तो कोई न कोई चुनाव लड़ेगा। जिस परमात्मा ने इस कुर्सी तक पहुंचाया वो आगे भी पहुंचाएगा। अगर सभी लोग सहयोग इसी तरह करते रहे। अकाली दल ने मोहड़ी को हरियाणा का अध्यक्ष बनाया
हरकेश सिंह मोहड़ी को शिरोमणि अकाली दल का हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसको लेकर सुखबीर बादल ने X पर पोस्ट डाली। उन्होंने लिखा- उनके नाम की सिफारिश हरियाणा के ऑब्जर्वर बलविंदर सिंह भूंदड़ ने पार्टी की हरियाणा इकाई के साथ विस्तृत विचार-विमर्श के बाद की है। हरकेश सिंह मोहड़ी पार्टी के मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता हैं। मुझे विश्वास है कि वे अपनी नई जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे और हरियाणा में शिरोमणि अकाली दल को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएंगे। पंजाब की सियासी हलचल से जुड़े अपडेट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग देखें…