पंजाब बन रहा गैंगलैंड,10 दिन में 3 मर्डर:गैंगस्टरों के बीच फिरौती-वर्चस्व की लड़ाई; रिटायर्ड DGP बोले- पुलिस प्रभावी रणनीति बनाए

पंजाब में गैंगस्टरों की गोलीबारी और हत्याओं की वारदातें एक बार फिर बढ़ गई है। बीते 10 दिनों में प्रदेश के अलग-अलग जिलों में चार बड़ी वारदातों ने पुलिस और प्रशासन की नींद उड़ा दी है। इन हमलों की जिम्मेदारी चार अलग-अलग गैंग्स ने ली है, लेकिन मकसद एक सा- फिरौती वसूलना और इलाके में वर्चस्व कायम करना। इन घटनाओं में गैंगस्टरों ने न केवल टारगेट किलिंग को अंजाम दिया, बल्कि खुलेआम गोलीबारी कर दहशत भी फैलाई है। खास बात ये है कि इनमें बडे़ कारोबारियों और सिंगर-एक्टर को भी टारगेट बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक, इन लोगों से मोटी फिरौती वसूलने की कोशिश की गई। लगातार बढ़ती घटनाओं पर विपक्ष ने भी सरकार को घेरा है। पंजाब में कांग्रेस विधायक और विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने तो यहां तक कहा कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार ने राज्य को गोलियों और खून-खराबे के हवाले कर दिया है। उधर, पंजाब पुलिस से रिटायर्ड पूर्व डीजीपी डॉ. DR भट्टी ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा- पंजाब सरकार और राज्य की पुलिस को गैंगस्टरों का प्रभाव कम करने के लिए प्रभावी रणनीति पर काम करना चाहिए। इसमें गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, उनके गैंग्स को आगे पनपने न दिया जाए। पंजाब में पिछले 10 दिनों में हुईं 4 बड़ी वारदातों के बारे में जानिए… 26 जून 2025: को जग्गू भगवानपुरिया की मां और साथी की हत्या
गुरदासपुर में 28 जून को कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया की मां हरजीत कौर और उसके साथी करनवीर की हत्या कर दी गई। दोनों बटाला में घर के बाहर कार में थे, तभी 2 हमलावर बाइक पर आए और गोलियां चला दी। बंबीहा गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में लिखा- डोनी बल, बिल्ला मांगा, प्रभू दासूवाल और कौशल चौधरी ने इस हत्या को अंजाम दिया। करनवीर जग्गू का कामकाज संभालता था। उसे मार कर गोरा की हत्या का बदला लिया गया। अभी तक इस मामले में कोई भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। 4 जुलाई 2025: पॉलीवुड एक्ट्रेस तानिया के पिता को गोलियां मारी
मोगा के ईसे खां में 4 जुलाई को पॉलीवुड एक्ट्रेस तानिया के पिता अनिल कंबोज को मरीज के रूप में आए बदमाशों ने दो गोलियां मार दीं। इसके बाद वहां से फरार हो गए थे। 6 जुलाई को पंजाब पुलिस की टीम ने इस मामले में 3 गैंगस्टरों का एनकाउंटर किया और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तीनों खालिस्तानी आतंकी लखबीर सिंह लांडा के साथी थे। लांडा ने डॉक्टर अनिल से फिरौती मांगी थी। पैसे नहीं देने पर उन्हें टारगेट किया गया। 5 जुलाई 2025: जग्गू के साथी की गोलियां मारकर हत्या की गई
5 जुलाई को अमृतसर के गांव चन्नण में दिनदहाड़े जुगराज सिंह उर्फ तोता को गोलियों से भून दिया गया। वह जग्गू भगवानपुरिया गैंग के सदस्य और मूसेवाला मर्डर केस में शामिल जगरूप सिंह रूपा का भाई था। इस हत्या की जिम्मेदारी गोपी घनश्यामपुरिया गैंग ने ली। घनश्यामपुरिया गैंग पंजाब में बंबीहा गैंग के साथ मिलकर काम करता है। इस वक्त ये गैंग जग्गू भगवानपुरिया के गुर्गों को टारगेट कर रहा है। 7 जुलाई 2025: न्यू वियरवेल फैशन डिजाइनर के मालिक की हत्या
अबोहर में फैशन डिजाइनर और बड़े कपड़ा व्यापारी संजय वर्मा की 7 जुलाई को गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। समंय वर्मा शोरूम के बाहर गाड़ी से उतरते ही बाइक सवार बदमाशों ने उन पर फायरिंग की। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग ने ली। गैंग के शूटर आरजू बिश्नोई के नाम से बने सोशल मीडिया अकाउंट से पोस्ट करके लिखा गया- ‘हमने इसे फोन किया था, लेकिन इसने हमें पहचानने से मना कर दिया।’ इस मामले में भी पुलिस फिरौती के एंगल पर जांच कर रही है। इन 3 पॉइंट्स में समझें पंजाब में एकदम कैसे बढ़ीं वारदातें पंजाब में आप सरकार आते ही 3 बड़ी हत्याएं… अब पढ़ें पंजाब में कौन कौन से गैंग्स इस वक्त एक्टिव… लॉरेंस बिश्नोई गैंग : पंजाब का सबसे एक्टिव गिरोह, 500 से ज्यादा गुर्गे
देश और विदेश में अपना नेटवर्क चलाने वाले गैंगस्टर लॉरेंस का गैंग इस वक्त पंजाब का सबसे एक्टिव गैंग हैं। हालांकि इस वक्त लॉरेंस का गैंग तीन फाड़ हो चुका है। पहले जग्गू भगवानपुरिया अलग हुआ और फिर कनाडा से लॉरेंस का गैंग संभाल रहा गैंगस्टर गोल्डी बराड़ अब रोहित गोदारा लॉरेंस से अलग हो गए। अगर लॉरेंस के साथ कुछ नए नाम जुड़े हैं। जिसमें गोल्डी ढिल्लो, आरजू बिश्नोई और हीरा बॉक्सर का नाम शामिल हैं। लॉरेंस के बाद पंजाब में 500 से ज्यादा शूटर और गुर्गे हैं, जोकि गैंग के लिए काम कर रहे हैं। इस वक्त लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। लॉरेंस के खिलाफ पूरे देश में करीब 100 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। जिसमें हत्या, फिरौती, हथियार तस्करी सहित अन्य कई संगीन मामले शामिल हैं। लॉरेंस मूल रूप से फाजिल्का का रहने वाला है। जग्गू भगवानपुरिया गैंग : कबड्‌डी खिलाड़ी के गिरोह में 70 से ज्यादा गुर्गे
जगदीप सिंह उर्फ जग्गू भगवानपुरिया गुरदासपुर के गांव भगवानपुर का रहने वाला है। उसके नाम पर हत्या, रंगदारी, हथियार तस्करी, नशा तस्करी, और गैंगवार जैसे 130 के करीब मामले दर्ज हैं। वह एक कबड्‌डी खिलाड़ी था। जग्गू भगवानपुरिया लॉरेंस से टूटने के बाद जग्गू का गैंग सिमट कर रह गया था, मगर माझा एरिया में जग्गू का अपना काफी वर्चस्व रखता है। जग्गू के पास अनुमानित करीब 70 के करीब शूटर हैं, जोकि पंजाब सहित अन्य राज्यों में उसके लिए काम करते हैं। बीते दिनों जग्गू भगवानपुरिया की मां की हत्या होने के बाद पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां अलर्ट पर हैं, क्योंकि जग्गू ने अपने एंटी गैंग के लोगों को टारगेट करने की धमकी दी थी। गोल्डी बराड़ गैंग : जनवरी 2024 में आतंकवादी घोषित हुआ
पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब के रहने वाले सतविंदर सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ का जन्म 1994 में हुआ था। गोल्डी के पिता शमशेर सिंह पंजाब पुलिस में ASI थे। गोल्डी बराड़ लॉरेंस गैंग का एक प्रमुख सदस्य है। वह राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में 20 से ज्यादा हत्याएं करवा चुका है। गोल्डी स्टडी वीजा पर कनाडा गया था। इसके बाद उसने वहां की नागरिकता ले ली। गोल्डी तब चर्चा में आया, जब उसने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मानसा में हत्या करवा दी। इसके बाद लॉरेंस के इशारों पर 20 से ज्यादा हत्याएं करवाईं। दर्जनों लोगों से रंगदारी मांगी और कई कारोबारियों के घर पर फायरिंग करवाई। गोल्डी पहले यूके, फिर थाईलैंड और अब कनाडा में बैठकर वारदातें करवा रहा है। जून 2022 में बराड़ के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। जनवरी 2024 में आतंकवादी घोषित हुआ। उस पर UAPA के तहत कार्रवाई की गई। दविंदर बंबीहा गैंग : लॉरेंस गिरोह से चल रहा पंगा
पंजाब में मोगा के बंबीहा गांव में जन्मा दविंदर सिंह सिद्धू अपराध की दुनिया में दविंदर बंबीहा के नाम से मशहूर हुआ। वह 21 साल की उम्र में ही अपराधी बन गया था। हालांकि, 2016 में ही पंजाब पुलिस ने बठिंडा में उसका एनकाउंटर कर दिया था। दविंदर बंबीहा गैंग कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस के खिलाफ चल रहा है। आर्मेनिया में बैठे गैंगस्टर लक्की पटियाल, विदेश में बैठे गोपी घनश्यामपुरिया, हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी सहित अन्य गैंगस्टर चला रहे हैं। मुख्य तौर पर इस गैंग को आधार बनाकर पंजाब में वारदातें करवाई जा रही हैं। लॉरेंस के साथ रहे गैंग्स को ये गैंगस्टर अपने शूटरों के जरिए टारगेट करते हैं। बठिंडा पुलिस ने साल 2016 में गैंगस्टर दविंदर बंबीहा का रामपुरा फूल इलाके में एनकाउंटर किया था। पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया दविंदर बंबीहा शुरू से ही शार्प शूटर के नाम से जाना जाता था। बंबीहा को फरीदकोट पुलिस ने 11 जून 2014 को लुधियाना में पकड़ा था। पाकिस्तान और मध्य प्रदेश से चल रहा हथियारों का नेटवर्क
पंजाब पुलिस से जुड़े सूत्रों के अनुसार पंजाब में हथियारों की सप्लाई का सबसे बड़ा नेटवर्क सीमा पार से चल रहा है। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हथियारों की खेप गैंगस्टर पाकिस्तान में बैठे हथियार तस्करों से मंगवाते हैं। ड्रेन के जरिए बॉर्डर एरिया हथियार गिराए जाते हैं और वहां से गैंग्स के गुर्गे हथियारों को लेकर सप्लाई आगे बढ़ाते हैं। दूसरा सबसे बड़ा सोर्स मध्यप्रदेश है, जहां से हथियारों की सप्लाई हो रही है। हालांकि मध्यप्रदेश के किन जिलों से हथियारों की सप्लाई होती है, इस पर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ पाई है। पंजाब कांग्रेस के प्रधान बोले- पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब
पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा- पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति खराब हो चुकी है। मोगा में डॉक्टर कंबोज की हत्या की गई। इससे निंदा वाली क्या बात हो सकती है। ऐसे ही अबोहर में फैशन डिजाइनर संजीव वर्मा की हत्या कर दी गई। मैं बचपन से ही उनके पास से कपड़े सिलवाता आया हूं। उनके पास 300 से ज्यादा लोग काम करते हैं, ऐसे में दिनदहाड़े उनकी हत्या कर दी गई। इससे पता चलता है कि पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति इस वक्त बहुत बुरी है। आसानी से पैसा कमाने के लिए गैंगस्टर ऐसी वारदातें करवा रहे हैं और सरकार इस पर कुछ नहीं कर रही हैं। भाजपा और शिअद ने भी उठाए सवाल, सरकार से मांगा जवाब
पंजाब भाजपा के प्रधान सुनील जाखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार को जवाब देना चाहिए कि सरकार की गैर मौजूदगी में लोगों को सरेआम मारा जा रहा है। शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था अपने निम्नतम स्तर पर पहुंच गई है। डॉक्टरों, कलाकारों और एथलीटों सहित व्यापारियों और पेशेवरों को जबरन वसूली करने वालों से गंभीर खतरों का सामना करना पड़ रहा है। ———————- पंजाब में बढ़ते अपराध से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… पंजाब में गैंगस्टरों के निशाने पर सिंगर-एक्टर:10 को टारगेट कर चुके, सिद्धू मूसेवाला की हत्या की; अब एक्ट्रेस के पिता को गोली मारी पंजाब में एक्ट्रेस तानिया कंबोज के पिता डॉ. अनिल जीत सिंह पर 4 जुलाई को उनके ही क्लीनिक में गोलियां मारी गईं। यह पहला मामला नहीं है कि किसी पंजाबी सिंगर, एक्टर या उसके परिवार को टारगेट किया गया है। 2018 में सिंगर और एक्टर परमीश वर्मा पर भी हमला हुआ था। उन्हें मोहाली में गोली मारी गई थी। इसी तरह बब्बू मान, करण औजला और गिप्पी ग्रेवाल जैसे सिंगरों को गैंगस्टरों की तरफ से धमकियां मिल चुकी हैं। (पूरी खबर पढ़ें)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *