पंजाब मंत्री अरोड़ा को मिले विभागों पर कांग्रेस को एतराज:परगट बोले-हितों से टकराव वाला फैसला, AAP बोली-कांग्रेस को पंजाब की तरक्की बर्दाश्त नहीं

पंजाब सरकार द्वारा मंत्रिमंडल में शामिल नए मंत्री संजीव अरोड़ा को दिए गए विभागों पर कांग्रेस ने एतराज जताया है। इस पर पंजाब कांग्रेस के पूर्व मत्री एवं विधायक परगट सिंह ने अपनी आपत्ति व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह हितों के टकराव वाला फैसला है। मंत्री को उद्योग विभाग दिया गया है, जबकि वह खुद एक उद्योगपति हैं। इस पर हितों के टकराव का मुद्दा उठता है। पंजाब सरकार के प्रवक्ता नील गर्ग का कहना है कांग्रेस को पंजाब की तरक्की बर्दाश्त नहीं की जा रही है। संजीव अरोड़ा एक सफल उद्योगपति हैं, जिन्होंने अपनी मेहनत से अपना कारोबार बढ़ाया है। अभी तक उन्होंने कार्यालय में जॉइन नहीं किया है, जबकि यह धोखा है। कांग्रेस लगातार पंजाब में घोटालों और रिश्वतखोरी में फंसी रही है। हमने मेरिट के आधार पर मंत्री बनाया है, और यह किसी भी तरह से हितों के टकराव की स्थिति नहीं है। परगट सिंह ने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट शेयर कर 3 प्वाइंट उठाए हैं –
1. यदि हम वास्तव में भ्रष्टाचार को समाप्त करना चाहते हैं तो पंजाब विधानसभा में हितों के टकराव पर एक कानून पेश किया जाना चाहिए। जब मंत्रियों को ऐसे विभाग दिए जाते हैं, जिनसे उनके निजी व्यवसाय जुड़े होते हैं, तो हम उन्हें सार्वजनिक हित के ऊपर निजी हितों को प्राथमिकता देने से कैसे रोक सकते हैं? 2. एक तरफ तो भगवंत मान सरकार पूर्व मंत्री के खिलाफ हितों के टकराव की जांच कर रही है, लेकिन आज नए मंत्री के विभाग और उनके कारोबार के बीच हितों के टकराव पर चुप है! क्यों? 3. कांग्रेस सरकार के समय भी ऐसा ही कानून लाने की पहल हुई थी, लेकिन उसे रोक दिया गया। आज इस कानून को पंजाब में लाना समय की सख्त जरूरत है। लुधियाना वेस्ट के उपचुनाव में जीते संजीव अरोड़ा पंजाब में 2022 के विधानसभा चुनाव में लुधियाना वेस्ट से गुरप्रीत सिंह गोगी विधायक बने थे। लेकिन जनवरी 2025 में उनकी खुद की पिस्तौल से गोली चलने से घर पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद यह सीट खाली हो गई थी। इस सीट को भरने के लिए निर्वाचन आयोग ने जून में उपचुनाव करवाए। इस उपचुनाव में AAP ने राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया। इसके प्रचार में CM भगवंत मान और पार्टी सुप्रीमो केजरीवाल ने लोगों से वादा किया था कि अगर अरोड़ा विधायक बने तो उन्हें मंत्री बनाया जाएगा। इसके बाद लोगों ने अरोड़ा को दिल खोलकर वोट दिए। अरोड़ा ने 10 हजार 637 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उन्हें प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु से 43.34% अधिक वोट मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *