पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीती रात से ही कई इलाकों में तेज हवाएं चल रही हैं। लुधियाना, फरीदकोट, अमृतसर, बठिंडा, जालंधर- पठानकोट और पटियाला में आधी रात के बाद बारिश-बूंदाबांदी हुई। पठानकोट- चंडीगढ़ समेत कई जिलों में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने आज (15 मार्च) के लिए गरज-चमक, आंधी, तेज हवाओं के साथ 9 जिलों में ओले गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। उधर, जालंधर में बारिश के बीच टेट का पेपर देने आए कैंडिडेंट के अभिवाभावक स्कूलों के बाहर छिपते नजर आए। कई लोगों ने पेड़ की ओट लेकर खुद को बारिश से बचाया। सरकारी स्कूलों में पेपर के चलते गाड़ियां रोड पर पार्क होने से लाडोवाली रोड के कन्या सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अजीत चौक के पास लड़कों के सरकारी स्कूल से अलास्का चौक और कन्या सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल श्री राम चौक के पास जाम की स्थिति बनी रही। 24 घंटे में 0.1 डिग्री गिरा तापमान पिछले 24 घंटों में तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि यह अभी भी सामान्य तापमान से 3.3 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक तापमान श्री आनंदपुर साहिब में 32.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक 17 मार्च को थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन इसके अलावा 20 मार्च तक इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। इस दौरान कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश देखने को मिल सकती है।
9 जिलों में ओले गिरने की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, 9 जिलों में ओले गिरने की संभावना है। इसमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर में तेज आंधी चलने और बिजली चमकने के आसार हैं। कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं। जबकि तरन तारन, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, फिरोजपुर और मोगा में भी बादल गरजने और बिजली चमकने के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवां चल सकती हैं। पठानकोट से लेकर मोहाली और फतेहगढ़ साहिब तक के इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं तरन तारन, फिरोजपुर और संगरूर जैसे इलाकों में कहीं-कहीं सिर्फ बूंदाबांदी हो सकती है। 17 मार्च से नया विक्षोभ एक्टिव होगा मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर भारत के ऊपर बहुत ऊंचाई पर हवा का एक तेज बहाव चल रहा है, जिसकी रफ्तार लगभग 200 किलोमीटर प्रति घंटा है। अभी एक पश्चिमी विक्षोभ (पहाड़ों से आने वाली ठंडी और नम हवा) एक्टिव है, जिसके पीछे-पीछे 17 मार्च की रात से एक और नया विक्षोभ एक्टिव होगा, जिससे मौसम में फिर से बदलाव देखने को मिलेगा। 24 घंटे के बाद तापमान गिरावट की संभावना मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल सिंह के मुताबिक, पंजाब में अगले एक हफ्ते तक कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। अगले 24 घंटों में गर्मी वैसी ही रहेगी, लेकिन उसके बाद अगले 5 दिनों में पारा 3 से 5 डिग्री तक गिर जाएगा, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ेगी।