पंजाब में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। अगले 2 दिनों में राज्य के कई जिलों में गरज-चमक (थंडरस्टॉर्म), बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, 28 मार्च को मौसम शुष्क रहने और 29 मार्च को एक बार फिर पूरे पंजाब में बारिश की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज (वीरवार) दोपहर को धूप के बाद शाम को 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने आज 13 जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। वहीं, शुक्रवार को भी पंजाब के 8 जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट है। इस दौरान भी कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के आसार बन रहे हैं। गुरदासपुर सबसे गर्म और बठिंडा रहा ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 31.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ गुरदासपुर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा और बठिंडा सबसे ठंडा रहा। बठिंडा का न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन जिलों में थंडरस्टॉर्म और तेज हवाओं की चेतावनी जारी मौसम विभाग ने वीरवार को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा और संगरूर में तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। वहीं, इन जिलों के विभिन्न स्थानों में हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। इसके साथ गरज-चमक भी बनी रहेगी। जिसके चलते तेज हवाओं से अचानक मौसम ठंडा हो सकता है। वहीं, खुले इलाकों में बिजली गिरने और खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका है। शुक्रवार को पंजाब के दक्षिण-पश्चिम जिलों में बारिश शुक्रवार को पंजाब के दक्षिण-पश्चिम जिलों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश का संयुक्त असर देखने को मिल सकता है। विभाग ने 8 जिलों में गरज-चमक (थंडरस्टॉर्म), बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस दौरान, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और मानसा में विभिन्न स्थानों पर थंडरस्टॉर्म और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। जबकि, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा और मानसा में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। शनिवार को मौसम रहेगा सुहावना
मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतर पंजाब में मौसम शुष्क रहेगा। लेकिन, बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहेगा। वहीं, कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है। पूर्वानुमान के मुताबिक, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर), कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में बादल छाए रह सकते हैं। कई जगहों पर रुक-रुक कर बारिश संभवना है। जिससे तापमान में हल्की गिरावट से गर्मी से राहत मिल सकती है। रविवार को पूरे पंजाब में तेज आंधी-तूफान का अलर्ट मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार को पूरे पंजाब में तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 60 किमी/घंटा तक हवाएं, कई जिलों में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग ने साफ किया है कि यह सिस्टम लगभग पूरे पंजाब को प्रभावित करेगा। तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं। इस पश्चिमी विक्षोभ का असर फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, मानसा और मोगा में अधिक देखने को मिलेगा। जबकि, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली (एसएएस नगर) में भी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है।