पंजाब में बाढ़ सर्वेक्षण पूरा:केंद्रीय मंत्री निमुबेन बोलीं- राज्य सरकार सही रिपोर्ट दे तो जल्द मिले मुआवजा, किसानों की करेंगे पूरी मदद

पंजाब के लुधियाना में बाढ़ के कारण प्रभावित परिवारों का हाल जानने के लिए केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की राज्य मंत्री निमुबेन जयंतीभाई बांभणिया पहुंची। उन्होंने तलवंडी कलां, गारसियां हकमारा, लोपों व गिल हलके के कुछ अन्य गांवों का दौरा किया। मंत्री ने बताया कि केंद्रीय टीम ने पंजाब में बाढ़ के कारण हुए नुकसान का सर्वे पूरा कर लिया है। केंद्रीय मंत्री दो दिन के लुधियाना दौरे पर हैं। रविवार को वो ससराली कालोनी में जाएंगी और सतलुज के कारण हुए नुकसान का जायजा लेंगी। इस दौरान वो ग्रामीणों से भी मिलेंगी। केंद्रीय मंत्री दौरे के पहले दिन आलमगीर गुरुद्वारा साहिब में गई और माथा टेका। उसके बाद उन्होंने बाढ़ प्रभावितों के साथ बात की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हर प्रभावित परिवार के साथ मोदी सरकार खड़ी है। नुकसान का हो बारीकी से आकलन- मंत्री मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों के नुकसान का आकलन करते वक्त हर चीज की बारीकी से जांच की जाए। उन्होंने कहा कि लोगों का जो जो नुकसान हुआ है उसका मुआवजा उन्हें मिलना चाहिए। मंत्री ने कहा कि किसानों की फसलों व जमीन का जो नुकसान हुआ है उसका मुआवजा भी सरकार देगी। यह मुआवजा तभी मिल सकेगा जब राज्य सरकार सही तरीके से इसकी रिपोर्ट देगी। प्रधानमंत्री पंजाब आए और फौरी राहत के लिए 1600 करोड़ दिए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाढ़ के दौरान 9 सितंबर को प्रधानमंत्री पंजाब आए और उन्होंने यहां के किसानों व आम लोगों से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने फौरी मदद के तौर पर 1600 करोड़ रुपए का पैकेज दिया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार व लोगों के साथ हर वक्त खड़ी है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री से नुकसान की रिपोर्ट मांगी थी जो कि अब उन्होंने सरकार को भेजी है। केंद्र सरकार कर रही है किसानों की मदद केंद्रीय मंत्री ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब का जायजा लेने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की है। गृह मंत्री के निर्देशों के तहत केंद्रीय टीम ने पंजाब में सर्वेक्षण का काम पूरा कर लिया है। कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि प्रदान की है। निधि की 21वीं किस्त जारी कर दी गई है। केंद्र सरकार ने पंजाब के लगभग 11 लाख किसानों के खातों में धनराशि हस्तांतरित कर दी है, जिससे उन्हें तत्काल राहत मिल रही है। साथ ही खाद्य विभाग की भी समीक्षा की है और लोगों को पर्याप्त राशन मिले, इसकी व्यवस्था की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *