पंजाब में वित्तीय साल 2025-26 के लिए शराब ठेकों का आज आखिरी दिन है। जिसके चलते ठेकेदारों ने पुराने स्टॉक को क्लियर करने के लिए रेट 30% से 50% तक गिरा दिए हैं। जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, बठिंडा, पठानकोट और मोहाली में शराब ठेकों पर लोगों की भीड़ लगी। लुधियाना में बारिश के बीच लोग शराब खरीदने पहुंचे, इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई। कुछ तो कंधों पर पेटियां रखकर ले जाते हुए दिखे। इसके अलावा कुछ लोग पेटियों को छिपाकर ले जाने के लिए कपड़े भी लिए दिखे। पठानकोट में शाम होते ही ठेकों पर भीड़ दिखी, यहां पर एक व्यक्ति पेटी को उठाकर दौड़ लगाता दिखा। जालंधर में भी लोग बाइकों पर तीन-तीन पेटियां लेकर जाते देखे गए। आम तौर पर एक या दो बोतलें खरीदने वाले लोग भी पूरी पेटी खरीदकर ले गए। ठेकेदारों के मुताबिक शराब के रेट में सिर्फ आज के लिए 30 से 50% की कमी की गई है। इसलिए लोग पहले से कम दामों पर मिलने वाली शराब को छोड़कर प्रीमियम ब्रांडों पर फोकस कर रहे हैं। चंडीगढ़ में भी शराब के रेट कम हुए हैं, लेकिन यहां अभी लोग खरीदारी के लिए नहीं आए हैं। इसकी बड़ी वजह ये मानी जा रही है कि चंडीगढ़ पुलिस ने कई जगहों पर नाकाबंदी कर दी है। पूरी पेटी किसी एक व्यक्ति के खरीदकर ले जाना गैरकानूनी माना जाएगा, इस वजह से लोग डरे हुए हैं। दरअसल, आज मार्च के महीना का अंतिम दिन है। नया वित्त वर्ष शुरू होने से पहले पुराने स्टॉक को क्लीयर करना ठेकेदारों की मजबूरी होती है। लोगों को डर है कि 1 अप्रैल से नई आबकारी नीति लागू होने के बाद कीमतें फिर से बढ़ सकती हैं, इसलिए वे अभी से शराब का स्टॉक करने में जुटे हुए हैं। शराब के ठेकों पर जुटी भीड़, PHOTOS… खबर से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…