पंजाब और चंडीगढ़ में आज 6 अप्रैल से मौसम बदलने जा रहा है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि के आसार हैं। हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। मौसम विभाग ने आज के लिए येलो अलर्ट और अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में तापमान में 1.6 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे यह अब सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में दर्ज किया गया। 6 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट आज राज्य के 20 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इनमें 14 जिलों में बारिश और 6 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर और पटियाला में अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में गरज-चमक के साथ तूफान और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कल से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा पश्चिमी विक्षोभ (WD) इस समय पाकिस्तान और पंजाब के पास सक्रिय है, जो आसमान में कुछ किलोमीटर ऊपर बना हुआ है और इसी के कारण मौसम में बदलाव हो रहा है। पंजाब के ऊपर बना हवाओं का घेरा अब खिसककर पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर चला गया है। इसके अलावा 7 अप्रैल 2026 से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे फिर से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जैसे बारिश, आंधी और बादल छाए रहना। आठ तक बारिश की संभावना मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के अनुसार, 6 अप्रैल को कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 7 और 8 अप्रैल को राज्य के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना है, साथ ही हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ेगा, जिसके बाद फिर 3से 4 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है।