पंजाब में 8वीं कक्षा में टॉप करने वाली तीनों छात्राओं से सीएम भगवंत मान ने मुलाकात की है। तीन छात्राओं को उनके परिजनों सहित सीएम रिहायश पर बतौर मेहमान बुलाया गया था। इस मौके पर सीएम की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर भी मौजूद रहीं। सीएम ने छात्राओं के साथ बातचीत की और उनके अनुभवों को जाना। फिर उन्हें सम्मानित किया गया। सीएम ने सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जैतों (फरीदकोट) की तमन्ना, सरकारी मिडिल स्कूल, अरकवास (संगरूर) की जपनीत कौर और संत मोहन दास मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कोट सुखिया (फरीदकोट) की जशनदीप कौर को सम्मानित किया गया। जपनीत कौर ने 600 में से 598 अंक (99.67%) जबकि जशनदीप कौर ने 600 में से 598 अंक (99.67%) प्राप्त किए। सीएम का वैसे आज बठिंडा और पठानकोट का दौरा था, लेकिन उससे पहले सीएम ऑफिस की तरफ से इन बच्चों को बुलाया गया था। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) के चेयरमैन डॉ. अमरपाल सिंह से लेकर शिक्षा विभाग की सचिव सोनाली गिरी व अन्य अधिकारी मौजूद थे। इस दौरान सीएम ने हर बच्चे से उनके तजुर्बे जाने। उनके पैरेंट्स को बधाई दी। सीएम ने स्टूडेंट्स को नसीहत दी कि वे पूरी मेहनत से अपनी पढ़ाई जारी रखें। काम इस तरह करें कि उनका दूसरा विकल्प न बन पाए। करीब आधे घंटे तक यह प्रोग्राम चला। सरकार बच्चों के सपनों को उड़ान देने के लिए प्रतिबद्ध सीएम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर इस बारे लिखा कि – आज चंडीगढ़ में पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की 8वीं कक्षा के नतीजों में पूरे राज्य में अव्वल रहने वाले होनहार विद्यार्थियों को सम्मानित किया। इस खास मौके पर उनके माता-पिता और शिक्षकों को भी बधाई दी। इस बार के परिणामों में पहला स्थान एक भट्ठे पर काम करने वाले मुनीम की होनहार बेटी ने हासिल किया है, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर टाइल्स की दुकान चलाने वाले और एक सरकारी प्राइमरी स्कूल के शिक्षक की बेटियों ने शानदार सफलता प्राप्त की है। ये परिणाम साफ दर्शाते हैं कि आम और साधारण परिवारों के बच्चे अब शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। 8वीं कक्षा का पास प्रतिशत 96.51 रहा आठवीं कक्षा का परिणाम शुक्रवार को घोषित किया गया। परीक्षा में 10,422 स्कूलों के कुल 2,62,966 छात्र-छात्राएं शामिल हुए। इनमें से 2,53,789 विद्यार्थी सफल (प्रमोट) हुए। इस प्रकार परीक्षा का कुल पास प्रतिशत 96.51% रहा। तमन्ना ने 600 में से 600 अंक (100%) प्राप्त किए।