पंडौल में ज्वेलरी शॉप में चोरी:सोना-चांदी व नकदी ले गए चोर, दीवर तोड़कर दुकान में घुसे; पीड़ित ने थाने में की शिकायत

मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र स्थित प्राचीन दुर्गा स्थान शाहपुर में ज्वेलर्स शॉप में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर सेंधमारी की। इस दौरान दुकान से लगभग 100 ग्राम चांदी, 5 ग्राम सोना के आभूषण और 1200 रुपये नकद चोरी कर लिए गए। ज्वेलर्स शॉप के संचालक राकेश कुमार साह ने बताया कि मंगलवार रात वे अपनी दुकान बंद कर मधुबनी स्थित अपने आवास चले गए थे। बुधवार सुबह उन्हें मोबाइल पर दुकान में चोरी होने की सूचना मिली। शाहपुर स्थित दुकान पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान की पिछली दीवार से लगभग बीस ईंटें निकालकर सेंध लगाई गई थी। मरम्मत और बंधक के लिए रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। राकेश कुमार साह ने तत्काल पंडौल थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश कर रही है। राकेश कुमार साह ने बुधवार रात करीब 8:30 बजे पंडौल थाना में चोरी की घटना को लेकर लिखित आवेदन दिया, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। इस चोरी की घटना के बाद क्षेत्र के व्यवसायियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। पंडौल में हुए ज्वेलरी दुकान दुकान में चोरी मामले पर पंडौल थाना प्रभारी रमन कुमार ने बताया कि, मामले की जांच पड़ताल की जा रही है जल्द अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *