पटना और दानापुर सिविल कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह अज्ञात मेल के जरिए धमकी की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर को एहतियात के तौर पर खाली करा लिया गया। फिलहाल, पुलिस ने कोर्ट परिसर को बंद कर दिया है और किसी भी व्यक्ति को अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जा रही है। पहले देखिए धमकी मिलने के बाद कोर्ट परिसर की तस्वीरें…
पीरबहोर थाने की पुलिस मौके पर, सर्च ऑपरेशन जारी घटना की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। कोर्ट परिसर में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी अलर्ट पर रखा गया है। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। हालांकि, सर्च ऑपरेशन के बाद कोर्ट में कामकाज शुरू होने की संभावना है। छठी बार मिली धमकी, वकीलों ने जताई चिंता यह छठी बार है, जब पटना सिविल कोर्ट को इस तरह की धमकी दी गई है। बार-बार मिल रही धमकियों से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, अब तक किसी भी धमकी के बाद कोई विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। पटना सिविल कोर्ट के अधिवक्ता विजय कुमार,का कहना है कि, ‘पटना सिविल कोर्ट को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुबह से ही कोर्ट को बंद कर दिया गया है। अभी कोई भी अधिकारी परिसर के भीतर नहीं जा रहे हैं। हम लोग भी बाहर आ गए हैं।यहां स्थिति बहुत खराब है। कोर्ट में आए अनिल कुमार द्विवेदी ने कहा कि, फिर से छठी बार धमकी मिली है। लगातार इस तरह की धमकी मिल रही है। इस पर प्रशासन का कहीं कोई ध्यान नहीं है और बिना किसी सूचना का गेट बंद किया गया। हम लोग सुबह 8 बजे से आकर यहां घूम रहे हैं। कोर्ट कब खुलेगा, नहीं खुलेगा, इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई है। हम लोग को सिर्फ यह कहा गया है कि अभी आप लोग अंदर न जाए। अंदर बम विस्फोट होने की संभावना है।