पटना के फुलवारी शरीफ में मंगलवार को गैस सिलेंडर न मिलने पर उपभोक्ता नाराज हो गए और 2 किमी तक सड़क जाम कर दिया। सुबह 7 से 9 बजे तक लोगों ने नाराजगी जताई। उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने के लिए एजेंसी पहुंचे थे। जहां उन्हें बताया गया कि ट्रक नहीं आया है। जिसके बाद उनका गुस्सा भड़क गया। 300 की संख्या में लोग खाली सिलेंडर के साथ सड़क पर बैठ गए और ट्रैफिक पूरी तरह से रोक दिया। पटना एम्स के पास नवादा मोड़ काली मंदिर के नजदीक नेशनल हाईवे पर गाड़ियों की लाइन लग गई। इस वजह से राहगीरों को परेशानी हुई। गैस बुकिंग का मैसेज मिल जाता, पर सिलेंडर नहीं मिलता उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि गैस बुकिंग का मैसेज तो मिल जाता है, लेकिन सिलेंडर की डिलीवरी समय पर नहीं होती। सुबह से लाइन में खड़े थे, लेकिन सिलेंडर नहीं मिला। एजेंसी के गोदाम पर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि थोड़े-थोड़े दिनों पर ऐसी स्थिति बन जाती है। नंबर आने के बावजूद सिलेंडर न मिलना आम बात हो गई है। कुछ उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी के कर्मचारी मनमानी करते हैं और कई जगहों पर चोरी-छिपे ऊंची कीमत पर गैस सिलेंडर बेचे जा रहे हैं, जबकि पंजीकृत उपभोक्ताओं को समय पर गैस नहीं मिल रहा है। पुलिस लोगों को समझाया सड़क जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन उपभोक्ता अपनी मांगों पर अड़े रहे। उन्होंने गैस वितरण व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि आम लोगों को बार-बार इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। भुगतान कर दिया है, पर गैस नहीं आया थाना प्रभारी गुलाम सहवाज आलम ने कहा कि पुलिस ने लोगों को समझाया है। उन्हें कहा गया है कि गैस सिलेंडर आते ही वितरण किया जाएगा। एजेंसी की मालिक रविंद्रन ने कहा कि भुगतान कर दिया गया है, पर ट्रक नहीं आने से परेशानी हो गई है। पुलिस से आग्रह है कि अपनी सुरक्षा में वितरण कराएं।