पटना में गंगा घाट पर मिला अज्ञात शख्स का शव:काली प्रिंटेड शर्ट पहन रखी थी, एक पैर से दिव्यांग है; पहचान में जुटी पुलिस

पटना के नदी थाना क्षेत्र स्थित मौनिया गंगा घाट पर शनिवार शाम एक अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस को पटना कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक युवक का शव गंगा नदी में उपला रहा है। नदी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया। मृतक की उम्र करीब 32 साल बताई जा रही है। उसके शरीर पर काले रंग का प्रिंटेड शर्ट था। युवक एक पैर से दिव्यांग था, जिसे उसकी पहचान का अहम आधार माना जा रहा है। शुरुआती जांच और तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य सामग्री नहीं मिली, जिससे उसकी तत्काल शिनाख्त हो सके। पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर पर बाहरी चोट या संघर्ष का कोई निशान नहीं मिला है, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है। पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार स्थानीय ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि किसी अज्ञात अपराधी ने युवक की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को गंगा नदी में फेंक दिया होगा। नदी थाना के अपर थानाध्यक्ष विवेक कुमार ने बताया कि शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का मुआयना किया है। फिलहाल शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए पटना भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण पता चल सकेगा। अगले 72 घंटों तक शीत गृह में शव को सुरक्षित रखा जाएगा। सोशल मीडिया के माध्यम से भी मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *