पटियाला में महिला की धारदार हथियार से हत्या:परिवार ने पति पर लगाया आरोप, मृतका की मौसी बोली- कॉल का जवाब नहीं मिला

पटियाला-राजपुरा रोड पर गंडा खेरी गांव के पास एक महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रमनप्रीत कौर के रूप में हुई है। परिवार ने महिला के पति गुरमीत सिंह समेत चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। मृतका के भाई सिमरन सिंह ने बताया कि रमनप्रीत कौर की शादी सात साल पहले हुई थी और उनके घर में पहले भी घरेलू कलह होती रहती थी। उनकी मौसी ने जानकारी दी कि वे सभी कल शाम एक शादी से लौटे थे। शाम करीब 7 बजे उन्हें फोन आया कि रमनप्रीत के घर झगड़ा हो गया है। मृतका की मौसी बोली- कॉल करने पर नहीं मिला जवाब मौसी ने बताया कि इसके बाद उन्होंने लगातार रमनप्रीत और उसके पति गुरमीत सिंह को फोन किया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। वे फिर पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उन्हें पता चला कि रमनप्रीत की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई है। मौसी ने यह भी आरोप लगाया कि उनके एतराज के बावजूद पुलिस ने शव को अस्पताल भेज दिया। घनौर के डीएसपी हरमनप्रीत सिंह चीमा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतका शाहबाद की रहने वाली थी और उसकी शादी यहीं हुई थी। डीएसपी चीमा के अनुसार, मृतका के भाई सिमरन सिंह के बयानों के आधार पर उसके पति गुरमीत सिंह, देवर, मामा और सास के खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *