कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मनरेगा महासंग्राम की नाभा रैली में आम आदमी पार्टी को काफिर कह दिया। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल को भूत बता दिया। यही नहीं राजा वड़िंग ने आप व भाजपा नेताओं को पतंदर तक कह दिया। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने ऐलान किया कि कांग्रेस आम आदमी पार्टी के युद्ध नशा विरुद्ध के खिलाफ युद्ध झाडू विरुद्ध और युद्ध काफिरों के विरुद्ध चलाएगी। उधर, भाजपा अकाली दल पर उन्होंने कहा कि सीधे हो जाओ, उल्टे हो जाओ लोग तुम्हें वोट नहीं देंगे। वहीं अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के इस बयान पर भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने पलटवार करते हुए कह दिया कि राजा वड़िंग कितने पढ़े लिखे हैं। उन्हें नहीं पता कि राजा वड़िंग ने यह शब्द पढ़ा भी है या नहीं। सिलिसलेवार ढंग से पढ़िए- अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने नाभा रैली में क्या कहा 60 हजार से मांगना: राजा वड़िंग ने महिलाओं को कहा कि आप वालों को कहना कि पहले 1000 रुपए हाथ में रखो फिर पांच साल के 60 हजार रुपए मांगना। जो मिले ले लेना। जैसा धोखा इन्होंने तुम्हारे साथ किया वैसा ही तुम भी करना। पिछली बार उधार में वोट दी है। इस बार सबक सिखा देना। गवर्नर की यात्रा पर उठाए सवाल: राजा वड़िंग ने पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया की नशे के विरुद्ध शुरू की गई यात्रा पर भी सवाल खड़े किए। राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब के गवर्नर यात्रा कर रहे हैं। फिरोजपुर में यात्रा थी। गवर्नर को पूछें कि नशा कहां से आ रहा है। बीएसएफ की कारगुजारी पर उठाए सवाल: राजा वड़िंग ने गवर्नर को कहा कहा कि पंजाब में नशा पाकिस्तान से आ रहा है और बॉर्डर पर बीएसएफ है। बीएसएफ का मालिक अमित शाह है बीजेपी है। गवर्नर पंजाब में उनके नुमाइंदे हैं। गवर्नर केंद्र में जाकर बात करें। नशे के लिए भगवंत मान व केंद्र सरकार दोनों जिम्मेदार: राजा वड़िंग ने कहा कि बीएसएफ केंद्र के अंडर है और 50 किलोमीटर एरिया बीएसएफ के पास है। केंद्र सरकार और राज्य सरकार दोनों नशा के लिए जिम्मेदार हैं। केंद्र सरकार चाहते तो नशा बंद कर सकती है लेकिन वो नहीं चाहते। मोदी व भगवंत मान की सरकार मिली हुई हैं: राजा वड़िंग ने कहा कि मोदी व भगवंत मान सरकार मिली हुई है। उन्होंने कहा कि पतंदर इतने झूठे हैं कि कह रहे हैं कि नशा खत्म हो गया है। राजा वड़िंग ने कहा कि अब कांग्रेस पार्टी युद्ध चलाएगी झाडू के विरुद्ध और इन काफिरों के विरुद्ध। सुनील जाखड़ ने माना बीजेपी और शिअद भूत: वड़िंग ने कहा कि सुनील जाखड़ पंजाब का बीजेपी प्रधान कहता है कि कांग्रेस को दो भूत दिखते हैं। चल कम से कम जाखड़ ने यह तो माना कि दो भूत हैं एक अकाली दल और दूसरा बीजेपी। सिखों के मुद्दे ज्यों के त्यों: राजा वड़िंग ने कहा कि गवर्नर दोनों पार्टियों का समझौता करवा रहे हैं। वड़िंग ने कहा कि शिअद ने सिखों के जिन मुद्दों पर गठबंधन छोड़ा था वो मुद्दे भी ज्यों के त्यों हैं। वड़िंग ने कहा इकठ्ठे हो, उल्टे हो सीधे हो लोग तुम्हें वोट नहीं देंगे। जाखड़ बोले- वो नहीं जानते राजा वड़िंग कितने पढ़े लिखे पंजाब भाजपा प्रधान सुनील जाखड़ ने हंसते हुए कहा कि पता नहीं वड़िंग साहिब (कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग) कितने पढ़े-लिखे हैं। पता नहीं उन्होंने शब्द पढ़ा भी है या नहीं। मैंने थोड़ी-बहुत साइकोलॉजी भी पढ़ी है, इंडस्ट्रियल साइकोलॉजी कह लीजिए। बेसिकली यह दिल की बात थी, जो जुबान पर आ गई। इन्हें रात में भी सपने आते हैं। पहले मैं कहता था कि पंजाब के कांग्रेसियों को सुनील जाखड़ का भूत दिखता है, लेकिन आजकल इन्हें दो भूत दिखने लगे हैं। दो आ गए तो क्या बनेगा, फिक्र मत करो। जो कुछ भी होगा, देखा जाएगा।उन्होंने आगे कहा कि एससी वर्ग और गरीबों से इन्हें बदबू आने लगी है। एक गरीब वर्ग के व्यक्ति को छह महीने के लिए मुख्यमंत्री क्या बना दिया, उसे ये अपनी गलती मानने लगे। इनकी मंजी-चारपाई में लोकतंत्र की कील ठोकेंगे ही ठोकेंगे।