पठानकोट के लोगों को 2 महीने और खाने होंगे हिचकोले:सड़कें उखाड़ीं, नहीं मिली पेमेंट तो ठेकेदार ने रोके साढ़े 8 करोड़ के विकास कार्य, अब 2 महीने करना होगा इंतजार

पठानकोट के लोगों को शहर की उखड़ीं सड़कों पर अगले 2 महीने और हिचकोले खाते गुजरना होगा। क्योंकि, ठेकेदार की ओर से शहर की उखाड़ी गई सड़कों का काम रोक दिया है। नगर निकाय विभाग का कहना है कि विकास कार्य पूरा होने के बाद पेमेंट की जाएगी। लेकिन, ठेकेदार का तर्क है कि साढ़े 8 करोड़ से 2 करोड़ का काम पूरा हो चुका है।
अब आगे काम तभी शुरू किया जाएगा, जब पिछली पेमेंट मिलेगी। विभाग और ठेकेदार की खींचतान में शहर को लोगों को संताप झेलना पड़ रहा है। इनमें कुछ सड़कें कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक्क के भोआ हलके में आती निगम के एरिया की भी हैं। शहर की कई मुख्य सड़कें उखाड़ीं
बता दें, वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद ठेकेदार ने शहर की कई महत्वपूर्ण सड़कों को एक साथ उखाड़ दिया। कई स्थानों पर टाइलें लगाने का काम भी शुरू करवा दिया। लेकिन, फिर ठेकेदार ने डेढ़ करोड़ का एक बिल विभाग को भेजा।
लेकिन, आगे से जवाब आया कि पहले काम मुकम्मल करो, फिर पेमेंट होगी। ठेकेदार ने विभागीय अधिकारियों को सूचित किया कि जब तक पिछला बिल क्लीयर नहीं होता आगे काम नहीं किया जाएगा। उखड़ी सड़कों से रोजाना हो रहे हादसे
ठेकेदार ने शहर की ओल्ड शाहपुर रोड, फायर ब्रिगेड रोड, लमीनी कॉलेज रोड को उखाड़ दिया है। उखड़ी सड़कों पर पत्थरों की लेयर बिछने से अब वहां रोजाना हादसे हो रहे हैं। मिशन रोड पर फायर स्टेशन के पास शुरू कराया इंटरलॉकिंग टाइल का काम भी बंद हो गया है।
भदरोआ रोड का काम शुरू कराया गया। लेकिन, उखाड़े बिना सड़क बनाए जाने का लोगों ने विरोध किया तो ये काम भी रोक दिया गया। 49 किमी. लंबी सड़कों का काम लटका
खाते में फंड न आने पर ठेकेदार ने 8.41 करोड़ रुपए से बन रही 44.70 किलोमीटर लंबी लुक की 19 सड़कों और 3.9 किलोमीटर कंक्रीट रोड का काम रोक दिया है। इनमें, वार्ड 46 रघुनाथ कॉलोनी मेन रोड 2.5 किमी, बढ़ोलपुर रोड, अबरोल नगर, ओल्ड शाहपुर रोड, बहादुर लाहड़ी रोड का काम रुक गया है। इसके अलावा, आदर्श कॉलोनी मेन रोड, न्यू ब्रह्मशेल एरिया रोड, शेरे डुग्गर रोड, सैली कुल्लियां गली, बहादुर लाहड़ी फिरनी, छोटा दौलतपुर मेन रोड, अबरोल नगर फिरनी, एनएचपीसी रेस्ट हाउस रोड, स्विमिंग पुल से मिशन रोड, भरोली कलां फिरनी रोड, सरना से एडीसी ऑफिस रोड, रघुनाथ कॉलोनी मेन रोड, अबरोल नगर से आनंदपुर रड़ा रोड, राधा स्वामी भवन रोड, इंदिरा कॉलोनी गेट से जीरो नंबर गली तक रोड लुक से तैयार की जानी है।
जबकि, जगतगिरि आश्रम रोड कंक्रीट और न्यू म्युनिसिपल कॉलोनी रोड तथा सुन्यारा कॉलोनी रोड इंटरलॉकिंग टाइल से बनेंगी। स्पेशल असिस्टेंट ग्रांट की बजाए म्युंनिसिपल डेवलेपमेंट फंड से होगा काम
बता दें, स्पेशल असिस्टेंट ग्रांट केंद्र सरकार की ओर से राज्य सरकार के माध्यम से निकायों को जारी किया जाना था, इसके लिए बाकायदा पंजाब भर में सभी निकायों से सड़कों, गलियों और नालियों के काम के काम की सूची भी मांगी गई थी।
फंड 31 मार्च से पहले निकाय विभाग को आने थे। लेकिन, फंड नहीं आया। लेकिन, शहर की प्रमुख सड़कों की हालत खराब है। जिसके चलते अब अधिकारियों की ओर से इन कार्यों को स्पेशल असिस्टेंट ग्रांट की बजाए म्युंनिसिपल डेवलेपमेंट फंड से करवाया जाएगा।
निगम एसडीओ पंकज हंस ने कहा कि स्पेशल असिस्टेंट ग्रांट अगले वित्तीय वर्ष में मिलने की उम्मीद है। लोगों की परेशानी को देखते हुए प्रमुख सड़कों का काम पहले ही करवा दिया जाएगा। 28 अप्रैल के बाद काम करवाने की साजिश: मेयर
पठानकोट मेयर पन्ना लाल भाटिया सरकार की ओर से पैसे नहीं भेजे गए। ठेकेदार ने सड़कों का काम रोक दिया गया। पंजाब सरकार इसके लिए जिम्मेदार है। यदि उनके पास पैसे नहीं थे तो काम शुरू क्यों कराए। अब अगले वित्तीय वर्ष में फंड भेजने का आश्वासन दिया है। ताकि, 28 अप्रैल को निगम कार्यकाल पूरा होने पर सरकार खुद काम शुरू करवाकर अपनों को खुश कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *