पंजाब और चंडीगढ़ में पिछले दो दिन से मौसम बदला हुआ है। रुक-रुक कर बारिश होने की वजह से मौसम ठंडा हो गया है। तापमान में 5.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है और अब यह सामान्य से 2.2 डिग्री नीचे पहुंच गया है। पठानकोट में शनिवार को तेज बारिश से मौसम ठंडा हो गया। मौसम विभाग ने आज भी आंधी-तूफान, बिजली चमकने के साथ तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाएं 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं। वहीं, पटियाला में 32.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज 22 जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान 8 जिलों में ओलावृष्टि के साथ आंधी और बिजली गिरने की आशंका है, जबकि 14 जिलों में आंधी और बिजली की संभावना है। इन जिलों में पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, गुरदासपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली शामिल हैं। जबकि अन्य 14 जिलों में आंधी चलने की संभावना है। इनमें अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर शामिल हैं। पठानकोट में हुई सबसे अधिक बारिश पठानकोट जिले में सबसे ज्यादा बारिश थेन बांध पर 9.5 मिमी और केवीके पठानकोट में 1.5 मिमी दर्ज की गई। फाजिल्का के अबोहर में 4.0 मिमी बारिश हुई। रूपनगर में भाखड़ा बांध पर 1.5 मिमी और श्री आनंदपुर साहिब में 1.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। अमृतसर में 1.2 मिमी और फिरोजपुर में 1.0 मिमी बारिश हुई। वहीं, चंडीगढ़, लुधियाना और पटियाला में बारिश तो हुई, लेकिन इसकी मात्रा बहुत कम (ट्रेस) रही। इस समय इस तरह का है मौसम पश्चिमी विक्षोभ इस समय दक्षिण अफगानिस्तान और पाकिस्तान के आसपास 3.1 से 7.6 किमी ऊंचाई पर बना हुआ है, जिससे मौसम में बदलाव आ रहा है। इसके साथ ही 1.5 किमी ऊंचाई पर उत्तर-पूर्वी पाकिस्तान के पास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र सक्रिय है और हरियाणा के ऊपर 0.9 किमी पर भी ऐसा ही सिस्टम बना हुआ है, जो लगातार बना हुआ है। इन सिस्टम्स के कारण एक ट्रफ (हवाओं की लाइन) उत्तर-पूर्वी पाकिस्तान से लेकर पंजाब और हरियाणा होते हुए उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। इन सभी कारणों से इलाके में बादल, बारिश और आंधी की स्थिति बन रही है। साथ ही 7 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे मौसम और ज्यादा सक्रिय हो सकता है। 9 अप्रैल तक बारिश की संभावना मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक 4, 7 और 8 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 5, 6 और 9 अप्रैल को अलग-अलग (छिटपुट) स्थानों पर बारिश हो सकती है। अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आएगी, इसके बाद अगले 2 दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। आज कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ 50–60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।