पठानकोट में दुकानदार पर चढ़ा दी थार:झगड़ा सुलझाना दुकानदार को पड़ा महंगा, दोनों पैर और दांत टूटे, डीएमसी लुधियाना में भर्ती

पठानकोट के मलिकपुर चौक में ट्रक और थार की टक्कर के बाद हो रही बहसबाजी रोकना दुकानदार को भारी पड़ गया। झगड़ा सुलझाने गए दुकानदार पर अज्ञात लोगों ने कार चढ़ा दी। जिससे दुकानदार के दोनों पैर और दांत टूट गए। घायल दुकानदार के सिर, मुंह व पीठ और डिस्क पर गंभीर चोटें आई हैं।
घायल मलिकपुर निवासी मुनीष कुमार को इलाज के लिए डीएमसी लुधियाना में भर्ती करवाया गया है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना को अंजाम देकर थार सवार 4-5 युवक गाड़ी लेकर जेएंडके साइड भाग निकले। सुजानपुर थाने की पुलिस ने शिकायत मिलने पर थार गाड़ी सवार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
झगड़ा सुलझाने गया था मुनीष
गांव मलिकपुर निवासी विवेक महाजन ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में बताया कि वह मलिकपुर चौक में कन्फेक्शनरी की दुकान करता है। उसका बड़ा भाई मुनीष कुमार (39) भी उसके साथ ही दुकान पर काम करता है। बीती रात वह और उसका भाई मुनीष अपनी दुकान के बाहर खड़े थे।
इस दौरान मैन रोड पर एक ट्रक की साइड थार रोक्स गाड़ी के टकरा गई।
इसके चलते ट्रक ड्राइवर और थार में सवार 4-5 युवकों की आपस में बहस होने लगी। उसका भाई मुनीष कुमार बहसबाजी सुनकर मौके पर गया। थार सवार युवकों ने मुनीष पर चढ़ाई कार
विवेक महाजन ने पुलिस को दर्ज करवाए बयान में बताया कि उसका भाई थार सवार युवकों को समझाने लगा। लेकिन, थार सवार युवकों ने उसके भाई मुनीष के साथ ही बहसबाजी शुरू कर दी। वह शोर सुनकर मौके पर पहुंचा।
थार गाड़ी सवार युवकों ने उसके भाई को धमकाना शुरू कर दिया और थार में सवार हो गए। उसका भाई रोड से कुछ साइड पर खड़ा था। थार गाड़ी सवार युवकों ने मार देने की नीयत के साथ थार गाड़ी उसके भाई मुनीष कुमार पर चढ़ा दी। मुनीष को घायल कर जम्मू साइड भागे युवक
विवेक महाजन ने बताया कि उसका भाई जमीन पर गिर गया और थार गाड़ी के नीचे आ गया। इससे मुनीष के सिर, मुंह व डिस्क पर काफी गंभीर चोटें लगीं।
घायल मुनीष के दोनों पैर टूट गए और दांत भी टूट गए। घायल मुनीष के शरीर पर काफी गंभीर चोटें लगीं। इस दौरान थार गाड़ी सवार युवक गाड़ी लेकर मौके से जम्मू साइड की ओर भाग गए।
पुलिस को दिया गाड़ी का नंबर
विवेक महाजन ने थार गाड़ी का नंबर नोट कर लिया और पुलिस को सौंपा है। सुजानपुर थाने की पुलिस ने घायल के भाई के बयान पर थार गाड़ी सवार युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरेपियों को पकड़ कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *