पठानकोट के थाना धारकलां के अधीन आते गांव में 8 साल की मासूम को हवस का शिकार बनाने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 28 वर्षीय आरोपी 30 मार्च से फरार चल रहा था। आरोपी गांव में ही छिप कर रह रहा था।
जिसे पुलिस ने काबू कर लिया। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश करेगी। बता दें, मामला बीते सोमवार का है। जब आरोपी ने बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास किया। लेकिन, बेटी के चीखने की आवाजें सुन पिता मौके पर पहुंचा और बच्ची का बचा लिया।
लेकिन, आरोपी युवक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने पिता के बयान पर युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
खेलती बच्ची को अपने घर ले गया था आरोपी
पुलिस को दिए अपने लिखित बयान में व्यक्ति बताया कि उसकी बेटी की आयु 8 वर्ष 3 महीने है। 30 मार्च दोपहर को वह मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। जब उनकी बच्ची काफी देर बाद तक घर नहीं आई तो उन्होंने बच्ची को ढूंढ़ना शुरू किया।
वह मोहल्ले में रहते एक युवक के घर के पास पहुंचे तो उन्हें बेटी के चीखने की आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने युवक के घर जाकर देखा तो युवक ने उसकी बेटी को कमरे में बंद किया था।
कमरे की कुंडी तोड़ अंदर घुसा पिता
पुलिस को दर्ज बयान में पिता ने बताया कि बच्ची की चीख सुनने के बाद उसने दरवाजा खटखटाया और न खुलने पर कमरे की कुंडी तोड़कर अंदर गया तो युवक उसकी बेटी के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश कर रहा था।
उसने बच्ची को संभाला। लेकिन, इसी दौरान उक्त युवक मौके से भाग निकला। जिसके बाद उसने सारा घटनाक्रम पंचायत को बताया औऱ पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
थाना धारकलां प्रभारी सब इंस्पेक्टर अमनप्रीत कौर ने बताया कि बच्ची के पिता की लिखित शिकायत पर उक्त युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 65(2),62,127(2)और पोस्को एक्ट की धारा 06 के मामला दर्ज किया है।
आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। उसे अदालत में पेश कर अगामी कार्रवाई की जाएगी।