पठानकोट में भारी बारिश के साथ गिरे ओले:तापमान में भारी गिरावट, कल भी बरसात के आसार, 10 से साफ रहेगा मौसम, बढ़ेगा तापमान

पठानकोट और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में आज मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह के समय हल्की धूप खिली। लेकिन, दोपहर को अचानक काले घने बादल छाए और तेज बारिश के साथ भारी ओलावृष्टि हुई। इससे शहर की सड़कें देखते ही देखते जलमग्न हो गईं। इस बारिश ने मौसम में ठंडक घोल दी है।
बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
बुधवार का अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम तापमान 14°C के आसपास रिकॉर्ड किया गया। अचानक आई इस ठंडक के कारण लोगों को अप्रैल के महीने में भी गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर होना पड़ा है। जनजीवन हुआ प्रभावित
बता दें, सुबह धूप के बाद दोपहर को आसमान में छाए घने काले बादलों के बाद तेज हवाओं के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। पठानकोट में मूसलाधार बारिश का दौर 1 घंटे तक जारी रहा। सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। बारिश के कुछ ही देर बाद शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में जबरदस्त ओलावृष्टि (ओले गिरना) हुई, जिससे सड़कों और छतों पर सफेद चादर बिछ गई।
फसलों को भारी नुकसान की आशंका
ओलावृष्टि के कारण किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल और बागों में आम व लीची के बौर (फूल) को इस ओलावृष्टि से काफी नुकसान पहुंचने की आशंका है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि तेज हवाओं और ओलों के कारण फसल जमीन पर बिछ गई है, जिससे पैदावार पर बुरा असर पड़ सकता है। वहीं, लीची और आम की फसल को भी काफी नुक्सान हुआ है।
सड़कों पर भरा पानी, आवाजाही प्रभावित
भारी बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों जैसे ढांगू रोड, गांधी चौक और सलोह रोड पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। ओले गिरने के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई, जिससे दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। आगामी 24 घंटों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। हालांकि, मौसम विभाग ने वीरवार से मौसम साफ रहने और तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *