पति का मौलवी से इलाज कराने के नाम पर गैंगरेप:पानीपत से महिला को सहारनपुर ले गए, 3 दिन बंधक बनाकर रखा

हरियाणा में पानीपत की एक महिला से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गैंगरपे किया गया। महिला का कहना है कि पति काफी बीमार रहते हैं। इसलिए परिवार परेशान है। एक जानकार ने मुझे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक मौलवी से इलाज करवाने की बात कही। वहां 3 दिन तक मुझे बंधक बनाकर रखा और गैंगरेप किया। बड़ी मुश्किल से मैं उनकी चंगुल से छूटकर भागी। किला थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर 3 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानिए पीड़िता ने शिकायत में क्या बताया…. जानकार ने मौलवी के बारे में बताया 22 वर्षीय पीड़िता ने किला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति लंबे समय से बीमार हैं। इससे परिवार काफी मानसिक और आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। उनके एक जानकार वसीम ने इस मजबूरी का फायदा उठाया। वसीम ने उसे विश्वास दिलाया कि वह पति को एक मौलवी से दवा दिलाकर ठीक करवा देगा। चाय में नशीला पदार्थ दिया पीड़िता के मुताबिक, 26 फरवरी 2026 की सुबह करीब 6 बजे वसीम अपनी कार में उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। वह उसे यूपी के सहारनपुर जिले के घाटापुर गांव ले गया। रास्ते में और वहां पहुंचने पर उसे चाय-पानी में नशीली दवा पिलाई गई, जिससे उसे लगातार चक्कर आते रहे। वसीम ने उसे अपने ताऊ के मकान में कमरे के अंदर बंधक बना लिया। 2 लोगों ने रेप किया पीड़िता ने बताया कि वसीम ने उसे डरा-धमकाकर उसके साथ रेप किया। इसके बाद वसीम के एक दोस्त सोहब ने भी उसके साथ रेप किया। जब उसने वसीम के ताऊ तासीम से गुहार लगाई, तो उसने मदद करने के बजाय थप्पड़ मारे। आरोपियों ने उसे और उसके पति को जान से मारने की धमकी दी कि यदि उसने वहां से भागने या किसी को बताने की कोशिश की, तो अंजाम बुरा होगा। भागकर पति को सूचना दी शिकायत में आगे बताया कि तीन दिनों तक कैद में रहने के बाद, उसे जैसे ही मौका मिला, वह वहां से भाग निकली। उसने बाहर किसी अनजान व्यक्ति से फोन मांगकर अपने पति को सूचना दी। उसका पति उसे वहां से वापस पानीपत लेकर आया, जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी बोले- आरोपियों को जल्द पकड़ेंगे किला थाना प्रभारी SI सुरेश कुमार ने बताया कि नामजद आरोपी वसीम, सोहब और वसीम के ताऊ के खिलाफ BNS की धारा 115, 126, 127(3), 351(3) और 70(1)के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। आरोपी महिला को बहला फुसलाकर UP ले गए थे, जहां उसके साथ गैंगरेप किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *