‘पति की एक्स-गर्लफ्रेंड की खूबसूरती बिगाड़ने के लिए एसिड लाई’:गुरुग्राम में महिला बोली- मुझे लगा पति से मिलने आई युवती, डंडा मारकर सिर फोड़ा

गुरुग्राम में पति की एक्स-गर्लफ्रेंड समझकर दूसरी महिला पर एसिड फेंकने के मामले का खुलासा हुआ है। आरोपी साक्षी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि पति के मैरिटल अफेयर के बाद वह नूंह की रहने वाले एक्स-गर्लफ्रेंड से चिढ़ती थी। उनका डेढ़ साल पहले ब्रेकअप हो चुका था, लेकिन ईर्ष्या की आग बुझी नहीं थी। साक्षी ने कहा कि जब भी वह अपने पति से गर्लफ्रेंड के बारे में बात करती थी, तो वह उसे और चिढ़ाता था कि वह जिंदगी भर उससे मिलेगा और उसे कोई नहीं रोक सकता। उसे लगता था कि युवती अभी भी उसके पति के संपर्क में है और वह उसी से मिलने के लिए गुरुग्राम आई है। 8 मार्च को जब उसने पति की एक्स को देखा तो उसका खून खौल उठा और उसने डंडों से युवती का सिर फोड़ दिया। वह एक्स की खूबसूरती को खत्म करने के लिए जिला अस्पताल भी गई। हालांकि, वह युवती को पहचान नहीं पाई और दूसरी महिला पर टॉयलेट क्लीनर डालकर भाग गई। अब जानिए उस युवती ने क्या बताया, जिस पर एसिड अटैक होना था… पिटाई के बाद इलाज कराने आई थी महिला सिविल अस्पताल में एसिड अटैक मामले में पुलिस भी शुरू में पूरी तरह कन्फ्यूज हो गई थी। मूल रूप से पश्चिम बंगाल की रहने वाली 30 वर्षीय महिला अपने लिव इन पार्टनर पवन की पिटाई के बाद अस्पताल में इलाज कराने आई थी। इसी महिला पर गलती से साक्षी ने एसिड फेंक दिया था। घटना के बाद पुलिस को सूचना मिली कि इसी महिला के लिव इन पार्टनर पवन ने पहले उससे मारपीट की और फिर अस्पताल आकर एसिड फेंक दिया। CCTV फुटेज देखने के बाद साक्षी का नाम आया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पवन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि पवन ने एसिड नहीं फेंका। उसी समय अस्पताल में नूंह की एक अन्य युवती भी भर्ती थी, जिसके साथ मारपीट हुई थी। दोनों महिलाओं के कपड़े और चुन्नी एक जैसे रंग के थे। सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ से खुलासा हुआ कि एसिड फेंकने वाली साक्षी थी। SHO बोले- जलन में एसिड से जलाना चाहती थी सेक्टर-10ए थाने के SHO कुलदीप ने बताया कि मामला सुलझा लिया गया है। पति की पूर्व प्रेमिका से बदला लेने की जलन के चलते महिला ने वारदात को अंजाम दिया था। गहन पूछताछ, सीसीटीवी फुटेज और सभी पक्षों के बयानों से साफ हो गया कि साक्षी को नूहं की युवती पर टॉयलेट क्लीनर डालना था, लेकिन गलतफहमी में उसने दूसरी महिला पर डाल दिया। महिला PGI से डिस्चार्ज हो चुकी पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों महिलाओं, उनके संबंधियों और आरोपी से विस्तार से बात की। साक्षी ने कबूल किया कि वह अपने पति सचिन की एक्स-गर्लफ्रेंड को निशाना बनाने आई थी, लेकिन कपड़ों की समानता के कारण उसने निर्दोष पश्चिम बंगाल मूल की महिला पर तेजाब फेंक दिया। पीड़िता अब ठीक है और रोहतक पीजीआई से डिस्चार्ज हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *