लखनऊ के माल इलाके में पत्नी की ईंट से कूचकर हत्या करने वाले युवक ने सुसाइड कर लिया। सोमवार सुबह उसका शव आम के पेड़ पर फंदे से लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रविवार को पत्नी की हत्या करने के बाद से वह फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। मामला माल थाना क्षेत्र के पकरा गांव का है। रविवार को गांव में रहने वाली 25 वर्षीय सीमा की ईंट से कूचकर हत्या की गई थी। आरोप था कि उसका पति रवि शराब का आदी था। इसी को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। उसके बाद उसने सीमा को मार डाला था। घटना के समय उनकी 4 साल की बेटी बाहर खेल रही थी। घटना को अंजाम देकर वह फरार हो गया था। घटना से जुड़ीं 3 तस्वीरें देखिए… चंडीगढ़ से 24 जुलाई को ही गांव आया जानकारी के अनुसार, आरोपी रवि अपने सास-ससुर के साथ चंडीगढ़ में मजदूरी करता था और 24 जुलाई को ही गांव आया था। ग्रामीणों का कहना है कि वह लंबे समय से शराब पीता था और आए दिन विवाद करता था। वह अपने बीमार बहनोई को देखने गांव आया था और कुछ दिनों से यहीं रुका हुआ था। हत्या के समय घर में बज रहा था गाना पड़ोसियों ने बताया- रविवार को घटना के समय घर में तेज आवाज में गाना बज रहा था। इसीलिए अंदर क्या हो रहा है किसी को कुछ नहीं सुनाई दिया। सीमा की चार साल की बेटी पलक जब खेलते-खेलते अंदर पहुंची तो उसने अपनी मां को तड़पते देखा। यह देख वह जोर-जोर से रोने लगी। पलक की आवाज सुनकर लोग घर की ओर दौड़े। अंदर के हालात देखकर लोग सन्न रह गए। घर से थोड़ी दूर 8 साल की दूसरी बेटी पायल भी खेल रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना माल प्रभारी नवाब अहमद अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मकान को सील कर दिया है और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। शुरुआती जांच में यह मामला शराब के नशे में की गई हत्या का लग रहा है।