पलवल में अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के 4 सदस्य गिरफ्तार:65 लाख रुपये चुराए थे, 3 आरोपी यूपी और 1 मुंबई का रहने वाला

पलवल जिला पुलिस ने एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इन चोरों पर होडल में 65 लाख रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम देने का आरोप है। होडल थाना पुलिस और सीआईए की टीम इस मामले की जांच कर रही थी। होडल सीआईए प्रभारी जगमिंदर सिंह के अनुसार, चरण सिंह कॉलोनी निवासी श्रीराम ने शिकायत दर्ज कराई थी। श्रीराम ने बताया कि 2 फरवरी की रात वह अपने परिवार के साथ गुरुग्राम में एक शादी समारोह में गए थे। अगले दिन घर लौटने पर उन्हें ताले टूटे मिले। चोरों ने घर से 14.50 लाख रुपये नकद, 32 तोला सोना और लगभग पौने तीन किलो चांदी के आभूषण चुरा लिए थे। चोरों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी की डीवीआर भी निकाल ली थी। तकनीकी जांच के आधार पर हुई आरोपियों की पहचान मामले की गंभीरता को देखते हुए CIA टीम ने साइबर सेल और मुखबिरों की सहायता ली। तकनीकी जांच के आधार 4 आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी मोहम्मद जमसेर, विनीत कुमार गुप्ता उर्फ अमित और आजाद शेख के रूप में हुई है। चौथा आरोपी मोहम्मद सफीक मुंबई का निवासी है। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस उनसे चोरी किए गए नकद, आभूषण और अन्य सामान के साथ-साथ वारदात में इस्तेमाल किए गए औजारों की बरामदगी का प्रयास करेगी। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि ये चारों आरोपी एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के सदस्य हैं, और पुलिस उनसे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *