पलवल के बामनीखेड़ा-हसनपुर मार्ग पर पिंगोड गांव के पास एक तेज रफ्तार वैगनआर कार की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक मजदूरी करने जा रहे थे। हादसे के बाद कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर दोनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं। सदर थाना इंचार्ज सुंदरपाल के अनुसार, पिंगोड गांव निवासी नाजिम ने शिकायत में बताया कि 28 फरवरी को देर रात वह और उसका भाई काशिम बाइक पर चिनाई के काम के लिए भूपगढ़ जा रहे थे। उनके आगे दूसरी बाइक पर उसका छोटा भाई सोहिल और उसका साथी सलमान बेलदारी के लिए जा रहे थे। कार ने मारी टक्कर पिंगोड़ गांव पार कर कोली वाले मंदिर से थोड़ा आगे पहुंचने पर सामने से आ रही एक सफेद रंग की वैगनआर कार के ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए सोहिल और सलमान की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दोनों कार के नीचे फंस गए टक्कर इतनी भीषण थी कि सोहिल और सलमान कार के नीचे फंस गए। हादसे के बाद कार ड्राइवर कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। परिजनों ने राहगीरों की मदद से दोनों युवकों को कार के नीचे से निकाला और जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया। सलमान ने इलाज के दौरान तोड़ा दम अस्पताल में डॉक्टरों ने सोहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि सलमान की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। सलमान को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने भी दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया पुलिस जांच में आरोपी कार ड्राइवर की पहचान भूपगढ़ गांव निवासी त्रिलोक के रूप में हुई है। दुर्घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।