पलवल जिले में हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के परिजनों और घायलों की शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली घटना चांदहट गांव के पास हुई। राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई अशोक अपने दोस्त भीम उर्फ डालचंद और ओमप्रकाश के साथ बाइक पर होडल से अपने गांव लौट रहा था। होडल-हसनपुर मार्ग पर डराना गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अशोक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भीम और ओमप्रकाश घायल हो गए। अज्ञात वाहन ने मारी बाइक को टक्कर दूसरी दुर्घटना पलवल-सोहना मार्ग पर धतीर-टहरकी गांव के बीच हुई। टहरकी गांव निवासी हरबीर ने बताया कि उसका भाई रविंद्र कुमार अपने भतीजे को अस्पताल में खाना देकर वापस घर लौट रहा था। तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। तीसरी घटना सौंध गांव में हुई। सौंध निवासी मोहित ने पुलिस को बताया कि एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उसके चाचा तारा को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर उसके चाचा के मकान की दीवार से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मकान की दीवारें और छत गिर गईं, जिससे तीन लोग घायल हो गए।