पलवल में छत पर टहल रहे पड़ोसी पर फायरिंग:गोली दीवार और पाइप में लगी, आरोपी युवक फरार

पलवल के माहौली गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर फायरिंग का मामला सामने आया है। आरोपी ने अपने घर की छत पर टहल रहे पड़ोसी पर कट्टे से गोली चलाई। गोली दीवार और पाइप में लगने से पीड़ित युवक सुरक्षित बच गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हसनपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार, माहौली गांव निवासी वेद सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 13 फरवरी की शाम करीब छह बजे वह अपने घर की छत पर टहल रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाला हरेन्द्र उर्फ पोला अपनी छत पर आया और पुरानी रंजिश के चलते वेद पर देशी कट्टे से गोली चला दी। पीड़ित ने झूककर बचाई अपनी जान वेद ने झुककर खुद को बचाया, जिससे गोली घर की छत पर लगे पाइप और दीवार में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर और डायल 112 को सूचना मिलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित वेद सिंह ने पुलिस को बताया कि हरेन्द्र उर्फ पोला एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं। वह फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर आया हुआ है। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने पहले भी उसके हाथ-पैर तोड़ दिए थे और अब पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है। सूचना मिलते ही हसनपुर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *