पलवल जिले के जराली गांव में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। बता दे कि दुर्घटना के बाद कार ड्राइवर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। वहीं पुलिस ने अज्ञात ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दरअसल यह घटना गुरुवार को हथीन उपमंडल के जराली गांव में हुई। जहां दो वर्षीय फुरकान खान अपने घर के बाहर गेट के पास खेल रहा था, तभी गांव के सरपंच के मकान की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। डॉक्टरों ने किया मृत घोषित बता दे कि टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चा कार के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।वहीं सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कार को भी जब्त कर लिया है। आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी मामले की जानकारी देते हुए उटावड़ थाना प्रभारी रेणू शेखावत ने बताया कि मृतक बच्चे के परिजनों की शिकायत पर कार के ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस फरार ड्राइवर की तलाश कर रही है।