पलवल जिले के किठवाड़ी चौक पर एक दुकान से सामान लेने को लेकर हुए विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। इस मामले में दो पक्षों के बीच मारपीट हुई, जिसके बाद पुलिस ने शिकायतें मिलने पर दोनों तरफ से मुकदमे दर्ज किए। पुलिस ने एक दुकानदार को गिरफ्तार भी किया है। जब पुलिस दुकानदार को कोर्ट में पेश करने ले जा रही थी, तो भीम आर्मी के सदस्यों ने पुलिसकर्मियों से हाथापाई कर उसे छुड़ाने का प्रयास किया। इस संबंध में भी पुलिस ने एक अलग मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कैंप पुलिस ने कुल 3 मुकदमे दर्ज किए हैं और मामले की जांच में जुटी हुई है। कहासुनी के बाद युवकों पर किया हमला कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, आदर्श कॉलोनी निवासी दिनेश ने दर्ज कराई शिकायत में ने बताया कि वह और उसका दोस्त प्रवीण फरीदाबाद से ड्यूटी कर लौट रहे थे। किठवाड़ी चौक पर सिगरेट लेने के दौरान दुकानदार से उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि दुकानदार ने 30-40 लोगों को बुला लिया। ये युवक लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और धारदार हथियार लेकर आए और दिनेश व प्रवीण पर हमला कर दिया। हमलावरों में दीपक उर्फ अजय, राहुल और अरुण सहित अन्य शामिल थे। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दिनेश ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर उनसे 40 हजार रुपए नकद और 2 तोले की सोने की चेन लूटकर ले गए। दुकानदार बोला-जान से मारने की धमकी दी वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से पुरानी बस्ती सल्लागढ़ निवासी शिव कुमार ने भी शिकायत दर्ज कराई है। शिव कुमार ने बताया कि उनकी पानी-सोडा की दुकान है। दुकान पर आए दो युवकों ने सामान के पैसे देने से इनकार कर दिया और कहा कि वे डिम्पी के आदमी हैं। इसी दौरान डिम्पी भी मौके पर आ गया और धमकी दी कि उसका रिश्तेदार मंत्री है। शिव कुमार का आरोप है कि आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। भीम आर्मी ने आरोपियों को किया छुड़ाने का प्रयास किठवाड़ी पुल पुलिस चौकी में शनिवार शाम गिरफ्तार दुकानदार शिव कुमार और अजय को पकड़ कर पुलिस पूछताछ कर कोर्ट में पेशी के लिए ले जाने लगी। उसी दौरान उन्हें छुड़ाने के लिए बड़ी संख्या में लोग चौकी में घुस आए और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। आरोपियों में उनके परिजन गंगाराम, राहुल, दलीप, अरुण और बबीता के साथ भीम आर्मी के पदाधिकारी नकुल, शैलेन्द्र, सचिन, सहदेव, खेमचंद, महेंद्र और गौरव सहित 40-50 लोग चौकी में घुस आए। पुलिस चौकी के अंदर घुसकर हंगामा किया सभी ने पुलिस पर दबाव बनाते हुए आरोपियों को कोर्ट ले जाने से रोकने की कोशिश की और चौकी के अंदर घुसकर हंगामा किया। इसके साथ भी पुलिस चौकी को आग के हवाले करने की धमकी दी। स्थिति को बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इस दौरान धक्का-मुक्की में कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए और आरोपियों ने हवलदार अनिल कुमार की वर्दी फाड़ दी और पुलिस को जान से मारने की धमकी भी दी। जिसके संबंध में पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट और हिरासत से आरोपी को छुड़ाने के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।