पलवल जिले के खिल्लूका गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने लोहे की रॉड, सरिया और लाठी-डंडों से एक व्यक्ति को बुरी तरह पीटा, जबकि बीच-बचाव करने आई उसकी भाभी का हाथ तोड़ दिया। हथीन थाना पुलिस ने एक ही परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हथीन थाना प्रभारी हरी किशन ने बताया कि खिल्लूका गांव निवासी हारून ने दी शिकायत में कहा कि वह मस्जिद से नमाज पढ़कर घर लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे गुलफान, इकराम, वरिसा और अरफीना ने उसे घेर लिया और बिना कुछ कहे लोहे की रॉड व सरियों से हमला कर दिया। हमले में हारून का सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गया। बीच-बचाव में आई महिला और युवक भी घायल
हारून का शोर सुनकर उसका भतीजा आसिफ और भाई की पत्नी शबनम मौके पर पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने शबनम पर भी रॉड से हमला किया, जिससे उसका हाथ टूट गया। वहीं आसिफ को भी लाठी-डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों की तलाश जारी
घायलों को हथीन और पलवल के सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल की शिकायत पर गुलफान, इकराम, वरिसा और अरफीना के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी हरी किशन ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।