पलवल में पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष:लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से युवक पर हमला; 9 लोगों पर केस दर्ज

पलवल के ओमेक्स सिटी में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के युवाओं पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किया। हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है। कैंप थाना पुलिस ने नौ नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल के अनुसार, ओमेक्स सिटी निवासी आकाश ने अपनी शिकायत में बताया कि बीते शुक्रवार देर शाम करीब सात बजे वह अपनी स्कूटी से बाजार जा रहा था। रास्ते में खड़ी एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी को रास्ता देने के लिए उसने हॉर्न बजाया। इसी बात पर गाड़ी में सवार युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज की और थप्पड़ मारे। पीड़ित ने शिकायत में बताया- आरोपी ने उसे धमकी दी राहगीरों के बीच-बचाव के बाद आरोपी युवक उसे धमकी देते हुए वहां से चले गए। अगले दिन 31 जनवरी, शनिवार को आकाश अपने दोस्तों हर्ष, ईशांत और भोला के साथ स्कूल की फेयरवेल पार्टी में शामिल होने जा रहा था। ओमेक्स स्थित मंदिर के पास उक्त आरोपियों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। आरोप है कि पलवल शहर निवासी प्रिंस, अनुज, चिराग, नितिन, दीपक, तरुण, उत्सव, सागर और प्रिंस का चाचा सागर एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए थे। आरोपियों के हाथों में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियार थे। उन्होंने चारों दोस्तों को जबरन गाड़ी से बाहर खींचकर मारपीट शुरू कर दी। प्रिंस ने लोहे की रॉड से आकाश के सिर पर हमला किया। हमले में घायल चारों युवकों को तुरंत पलवल के अस्पताल ले जाया गया। घायलों में सन्नी की स्थिति नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। कैंप थाना पुलिस ने शनिवार देर रात आकाश की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *