पलवल में सगाई समारोह में हर्ष फायरिंग, भगदड़ मची:डीजे पर डांस के दौरान चलाई गोलियां, तीन खाली कारतूस बरामद, केस दर्ज

पलवल के अलावलपुर गांव स्थित श्री राधे वाटिका में एक सगाई समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गोलियां चलने से कार्यक्रम में भगदड़ मच गई। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शस्त्र अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चांदहट थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि वाटिका मालिक राहुल ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, 10 मार्च की रात वाटिका में अलावलपुर निवासी भूप सिंह के बेटे गौरव का सगाई समारोह चल रहा था। रात करीब 10 बजे डीजे पर डांस के दौरान अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस को वाटिका के फर्श से तीन खाली कारतूस के खोल बरामद हुए। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और वीडियोग्राफी भी की। शुरुआत में किसी भी पक्ष ने शिकायत दर्ज कराने या गोली चलाने वाले का नाम बताने में रुचि नहीं दिखाई थी। दो दिन की प्राथमिक जांच और वाटिका मालिक राहुल की औपचारिक शिकायत के बाद, चांदहट थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अब समारोह की वीडियो फुटेज की जांच कर रही है ताकि गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि शादियों या अन्य समारोहों में हर्ष फायरिंग करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में शस्त्र लाइसेंस रद्द करने के साथ-साथ कठोर सजा का भी प्रावधान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *