पलवल में जिला कोर्ट में नौकरी लगवाने के नाम पर 15 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद के अनुसार, डूंगरवास (बमारियाका) गांव निवासी ओमप्रकाश ने शिकायत दर्ज कराई कि उनके बेटे देवेंद्र की पहचान हुड्डा सेक्टर-दो निवासी रामकेश शर्मा से थी। जून 2023 में रामकेश ने ओमप्रकाश को बताया कि वह पलवल और फरीदाबाद जिला न्यायालयों में प्रोसेस सर्वर (प्यादा) के पदों पर चार बेरोजगार युवकों को नौकरी लगवा सकता है। चार युवकों से वसूले 15 लाख रुपए आरोपी ने प्रत्येक युवक से पांच लाख रुपये की मांग की। इस पर ओमप्रकाश के बेटे देवेंद्र के अलावा अमित, अंकित और नरसिंह चौहान भी नौकरी के लिए पैसे देने को तैयार हो गए। रामकेश ने पहले 4.20 लाख रुपये फोन-पे के माध्यम से अपनी पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए, जबकि शेष 10.80 लाख रुपये नकद अलग-अलग किश्तों में लिए। चयन न होने पर फरार हुआ आरोपी साल 2024 में जब परिणाम घोषित हुए और चारों युवकों का चयन नहीं हुआ, तो उन्होंने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे। रामकेश शर्मा लगातार टालमटोल करता रहा और मार्च 2025 में अपना मकान खाली कर फरार हो गया। पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी पीड़ितों ने इस संबंध में शहर थाना की भवन कुंड चौकी पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर ठगी की पूरी रकम बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।