कटिहार के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के चंद्रमा टोला में देर रात एक पशुशाला में आग लग गई। वार्ड नंबर 3 स्थित पशुशाला में आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। इस हादसे में 5 गाय और 9 बकरियां जलकर राख हो गई। पीड़ित शेख यूनुस ने बताया कि आग की शुरुआत पशु घर में जल रहे चूल्हे से हो सकती है। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग कुछ कर नहीं पाए। घटना की सूचना मिलते ही 112 की पुलिस टीम और दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। 2 लाख रुपए का हुआ नुकसान शेख यूनुस को इस अग्निकांड में लगभग दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। मवेशियों के मरने से उनका एकमात्र जीविकोपार्जन का साधन भी छिन गया है। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से तत्काल मुआवजा दिलाने की मांग की है। अभी तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक सहायता की घोषणा नहीं की गई है।