पहले मसाज वाली-धंधे वाली, मोमो सुना; अब घर में कैद:अरुणाचल की लड़कियों से फैमिली बोली- घर लौट आओ, दिल्ली के आरोपी बोले- सॉरी

दिल्ली के पॉश एरिया मालवीय नगर के खिड़की गांव में बनी पांच मंजिला एक इमारत में सन्नाटा पसरा है। इसके चौथे फ्लोर पर रहने वाली अरुणाचल प्रदेश की तीन लड़कियां तीन दिन से बाहर नहीं निकली हैं। ये वही लड़कियां हैं, जिन्हें एसी लगवाने के दौरान हुई बहस के बाद मोमो, पार्लर वाली, धंधा करने वाली कहा गया। आरोप इसी बिल्डिंग में रहने वाले हर्ष और उनकी पत्नी रूबी जैन पर है। SC-ST एक्ट में केस दर्ज होने की वजह से रूबी को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है, लेकिन तीनों लड़कियां अब भी डरी हुई हैं। पहचान उजागर होने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिए हैं। डर और प्रेशर की वजह से एक लड़की को परिवारवालों ने पढ़ाई छोड़कर घर वापस आने के लिए कह दिया है। पूरा केस समझने के लिए हमने आरोपी हर्ष और रूबी के अलावा पीड़ित लड़कियों की वकील और चश्मदीद AC मैकेनिक से बात की। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से लड़कियां परेशान
हमने पीड़ित लड़कियों से बात करने की कोशिश की। उन्होंने अपनी वकील लीयी मारली नोशी से बात करने के लिए कहा। लीयी बताती हैं कि तीनों लड़कियों की उम्र 20 से 23 साल है। वीडियो वायरल होने के बाद से वे परेशान हैं। उन पर बहुत ज्यादा पब्लिक और सोशल प्रेशर है। सब उनके चेहरे पहचानते हैं। परिवार भी डरे हुए हैं। उनमें से एक को तो परिवार ने वापस बुला लिया है। लड़की को अब पढ़ाई छोड़कर वापस जाना पड़ेगा। लीयी आगे बताती हैं कि लड़कियों को सोशल मीडिया पर लगातार मैसेज आ रहे थे। इसलिए उन्होंने अकाउंट डिलीट कर दिए हैं। AC वाले से बदसलूकी, इसी से शुरू हुआ विवाद
पीड़ित लड़कियों में एक UPSC एग्जाम की तैयारी कर रही हैं। बाकी दोनों भी स्टूडेंट हैं और खर्च निकालने के लिए फ्रीलांसिंग करती हैं। वे अपने किराए के फ्लैट में AC लगवा रही थीं। घर के अंदर कॉरिडोर में ही AC का कंप्रेसर लगाने की जगह है। इसी से विवाद की शुरुआत हुई। एडवोकेट लीयी बताती हैं, ‘आरोपियों ने AC लगाने वाले से बदसलूकी की। वे कह रहे थे कि ड्रिल करने से गिरी धूल से उनके AC को नुकसान हुआ है। लड़कियों ने कहा कि अगर आपके AC को नुकसान हुआ है, तो हम रिपेयर करवा देंगे।’ ‘राहुल गांधी ने मिलने बुलाया, लेकिन हम नहीं गए’
लीयी बताती हैं कि पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश भी हुई है। अलग-अलग पार्टियों के नेताओं ने हमसे बात की है। कांग्रेस लीडर राहुल गांधी और अल्का लांबा का फोन आया था। उन्होंने मुझे और लड़कियों को मिलने बुलाया। मैेंने साफ इनकार कर दिया कि यह राजनीतिक मामला नहीं है। लीयी आरोप लगाती हैं कि आरोपियों ने समझौते का दबाव बनाया था। पहले मकान मालिक के घर माफी मांगकर समझौते की कोशिश हुई, लेकिन उनकी कम्युनिटी पर जैसी बातें बोली गई है, इसके बाद कोई समझौता नहीं होगा। AC वाला चश्मदीद, बोला- मेरी टांगे तोड़ने की धमकी दी
पीड़ित लड़कियों ने खिड़की गांव से सलीम (बदला हुआ नाम) को AC फिट कराने के लिए बुलाया था। दोपहर करीब 3:30 बजे AC का कंप्रेसर लगाने के लिए सलीम ने ड्रिलिंग की। इससे कुछ मलबा नीचे के बाकी AC और कॉरिडोर में जाकर गिरा। हम AC मैकेनिक सलीम से मिले। नाम और चेहरा छिपाने की शर्त पर वे बताते हैं, ‘बिल्डिंग पुरानी है, इसलिए थोड़ा कचरा और छोटे पत्थर नीचे गिर गए। नीचे के फ्लैट में रहने वाला शख्स इससे भड़क गया और मुझे गालियां देने लगा। मैंने दो बार माफी मांगी। इस पर उसने कहा कि तेरी टांगें तोड़ दूंगा।’ सलीम आगे कहते हैं, ‘मैं जिन मैडम के यहां एसी लगा रहा था, उन्होंने भी कहा कि एसी लगवाने में थोड़ा बहुत मलबा गिरता है। अगर ज्यादा गिरा है, तो सफाई करवा देंगे। उस शख्स ने उन्हें भी गाली दीं। इसके बाद बहस बढ़ गई।’ सलीम बताते हैं कि शुरुआत में बहस नीचे ही खत्म हो गई। 20 मिनट बाद आरोपी पति-पत्नी पुलिस को बुलाकर ऊपर आ गए। पुलिस के सामने ही नॉर्थ-ईस्ट के बारे में उल्टी-सीधी बातें करने लगे। लड़कियों से बोले कि तुम लोग पार्लर चलाते हो, धंधा करती हो, तुम्हारे यहां ड्रग्स चलता है। गिरफ्तारी से पहले रूबी बोलीं- अपने शब्दों के लिए माफी मांगती हूं
आरोपी हर्ष पत्नी रूबी के साथ बिल्डिंग के पहले फ्लोर पर किराए के फ्लैट में रहते हैं। बिल्डिंग में हर फ्लोर पर 4 फ्लैट हैं। इसी बिल्डिंग के चौथे फ्लोर पर पीड़ित लड़कियां भी किराए पर रहती हैं। दोनों के फ्लैट मालिक एक ही हैं। 25 फरवरी को रूबी को अरेस्ट कर लिया गया। दिल्ली पुलिस ने बताया कि रूबी के खिलाफ SC-ST एक्ट में कार्रवाई की गई है। 24 फरवरी की शाम करीब 6 बजे हम रूबी और हर्ष के घर पहुंचे थे। करीब 7 बजे उनके घर अनिल कुमार नाम के हेड कॉन्स्टेबल आए। उन्होंने रूबी और हर्ष को मालवीय नगर थाने जाकर DCP से मिलने के लिए कहा। थाने में पहले रूबी और फिर हर्ष से अलग-अलग पूछताछ की गई। रूबी गिरफ्तारी को लेकर डरी हुई थीं। हर्ष उन्हें न घबराने की सलाह देते रहे। करीब रात 8 बजे पूछताछ के बाद रूबी और हर्ष वापस घर चले गए। 25 फरवरी की सुबह मालवीय नगर पुलिस ने रूबी को घर से अरेस्ट कर लिया। गिरफ्तारी से पहले रूबी ने हमें बताया कि सोशल मीडिया पर 4 मिनट का वीडियो वायरल हुआ है। ये झगड़े के दूसरे हिस्से का है। इससे पहले चार लड़कियां मेरे फ्लोर पर आई थीं। मैं सीढ़ियों पर खड़े होकर उन्हें जवाब दे रही थी, उसी को रिकॉर्ड कर वायरल किया गया, ताकि हमारे खिलाफ राय बन जाए। वायरल वीडियो में रूबी के हाथ में डंडा दिख रहा है। इस पर वे बोलीं कि हमने पुलिस बुलाई, तब तक लड़कियां हमारे फ्लोर पर आ गई थीं। मैं टीबी की मरीज हूं, मेरे शरीर का एक हिस्सा ठीक से काम नहीं करता। इसलिए मैंने सेल्फ डिफेंस के लिए घर में रखी डॉग स्टिक हाथ में ली थी। ये किसी को मारने के लिए नहीं थी। रूबी आगे कहती हैं कि पुलिस के आने के बाद हमें ऊपर ले जाया गया। वायरल वीडियो उसी समय का है। वहां मुझे और पुलिस को धक्का दिया गया। पुलिस अधिकारी मुझ पर गिरे। उसी दौरान मेरे मुंह से भी भद्दे शब्द निकले। रूबी जैन ने नस्लीय कमेंट के लिए माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि मैं अपने शब्दों के लिए दिल से माफी मांगती हूं। ये सब मैंने तब कहा, जब मेरे लिए धंधे वाली और हिजड़ा जैसे शब्द बोले गए। उस हालत में मुझसे क्या उम्मीद की जाती। फिर भी मैं मानती हूं कि मेरे शब्द गलत थे। हर्ष बोले- नस्लीय कमेंट के लिए हम शर्मिंदा
हमने वीडियो में दिख रहे रूबी के पति हर्ष से भी बात की। 35 साल के हर्ष इवेंट मैनेजर हैं। वे बीते एक साल से इस फ्लैट में रह रहे हैं। हर्ष कहते हैं, ‘हमारे AC और कॉरिडोर में बड़े पत्थर गिरने पर मैं बाहर निकला था। AC के ऊपर बड़े पत्थर गिरे थे। दो बार जोर की आवाज आई। ऊपर से एक लड़का झांका। मैंने गुस्से में दिल्ली के स्लैंग में एक-दो बातें कहीं। तभी लड़की आई और बहस शुरू कर दी। दोनों तरफ से गाली-गलौज हुई।’ हर्ष आरोप लगाते हैं कि लड़कियों ने उनकी पत्नी को जातिसूचक शब्द कहे। इसके बाद हमने PCR को कॉल किया। पुलिस दोनों पक्षों की बात सुन रही थी, तभी लड़की ने वीडियो बनाया। वायरल वीडियो सिलेक्टिव है, उसमें सिर्फ उनका हिस्सा दिखाया गया है। मेरी पत्नी के साथ धक्का-मुक्की की गई। हमने उसी दिन लिखित शिकायत तैयार कर वॉट्सएप और ईमेल के जरिए एसएचओ, डीसीपी और जॉइंट सीपी को भेजी थी। गृह मंत्रालय को भी शिकायत भेजी थी। हर्ष नॉर्थ ईस्ट के लोगों पर की गई नस्लीय टिप्पणी के लिए माफी मांगते हैं। कहते हैं कि मैं और मेरी पत्नी इसके लिए शर्मिंदा हैं। सब गुस्से में हुआ, लेकिन यह गलती नहीं बल्कि गुनाह है। मैं कोर्ट में भी अपनी गलती मानूंगा। हर्ष आरोप लगाते हैं कि सोशल मीडिया पर मुझे जान से मारने की धमकी मिल रही है। पत्नी रूबी को रेप की धमकियां मिल रही हैं। हमारे नंबर सार्वजनिक कर दिए गए। हमने इसकी भी शिकायत की है। 4 मिनट के वीडियो में क्या है…
वीडियो में पीड़ित लड़कियों के अलावा हर्ष, रूबी, एक पुलिसवाला और कुछ पड़ोसी दिख रहे हैं। शुरुआत में पीड़ित लड़की की आवाज आती है… पीड़ित: तुम क्या बोला, हम दारू पीता है। मेरा रूम चेक करो, अगर एक भी चीज मिला न, उसके बाद देखेंगे। रूबी: ऊंगली पीछे करके बात कर। हर्ष: चल, चल, गंदगी मसाज पार्लर। पीड़ित: मसाज पार्लर तू, बुड्ढा। रूबी: मेरा बेडरूम खाली है, आजमा ले जा। तेरे को पता चलेगा कितना बुड्ढा है। 35 साल का लड़का तेरे यहां बुड्ढा होता होगा, क्योंकि ड्रग्स इतने करते हो तुम लोग, हमारे यहां 35 साल में एक्चुअल जवान होते हैं। पीड़ित: मसाज पार्लर तू चलाती है न। रूबी: चलाती हूं, तेरे को कराना है, नौकरी चाहिए। तेरी औकात नहीं है, जहां से वो आया है। कस्टम ऑफिसर का बेटा है, पॉलिटिशियन है उसका बाप। पुलिसवाला: आप इन्हें अंदर कर दो, जो समझदार हो, वो बाहर रहो रूबी: तेरे यहां आदमी मसाज पार्लर में काम करते होंगे, हमारे यहां नहीं। एक दूसरी लड़की रूबी को समझाती है। रूबी कहती है, वो मेरे को बोली कि तेरा आदमी मसाज पार्लर में मिला होगा। हर्ष के BJP नेताओं के साथ फोटो, बोले- पार्टी से नहीं जुड़ा
हर्ष के BJP नेताओं के साथ फोटो वायरल हुए हैं। झगड़े के वीडियो में भी रूबी उन्हें पॉलिटिशियन का बेटा बता रही हैं। इस पर हर्ष कहते हैं, ‘मैं सामान्य परिवार से हूं। मेरा किसी पार्टी से संबंध नहीं है। मैं इवेंट मैनेजर हूं। अलग-अलग नेताओं के साथ मेरी तस्वीरें प्रोफेशनल काम की वजह से हैं। मैंने किसी पार्टी से सीधा पेमेंट नहीं लिया, न किसी पार्टी का सदस्य हूं। मैंने BJP के लिए इवेंट मैनेज किया है। वायरल फोटो भी इसी से जुड़े हैं।’ मकान मालिक बोले- नॉर्थ-ईस्ट के लोगों से कभी दिक्कत नहीं हुई
इस विवाद पर हमने बिल्डिंग में रहने वाले लोगों से बात करने की कोशिश की, लेकिन वे बात नहीं करना चाहते। इसके बाद हम मालवीय नगर के प्रॉपर्टी कारोबारी विनोद चौहान से मिले। वे कहते हैं कि मेरे मकानों में नॉर्थ-ईस्ट के लोग किराए से रहते हैं। अब तक कोई दिक्कत नहीं आई। इस तरह के नस्लीय कमेंट नहीं होने चाहिए। हमारे बच्चे भी दूसरे राज्यों में पढ़ने और काम करने जाते हैं। अगर उनके साथ वहां भेदभाव हो, तो हमें भी बुरा लगेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *