सोनीपत के पहल न्यूट्रिशन शो-रूम के बाहर फायरिंग करने वाले दो शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार शाम करनाल में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों ने सीधे गोलियां चला दीं। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें मौके पर ही काबू कर लिया गया। मुठभेड़ स्थल से दो पिस्टल बरामद की गई हैं। घायल आरोपियों को सिविल अस्पताल करनाल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस अब उनसे गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क और संभावित बड़ी साजिश का खुलासा हो सके। गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
एसटीएफ के डीएसपी अमन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 फरवरी को सोनीपत में पहल न्यूट्रिशन के बाहर फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया था। वारदात के बाद आरोपियों ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया था, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने एक-दो अन्य स्थानों पर भी फायरिंग की थी। मंगलवार को एसटीएफ इंचार्ज दीपेंद्र राणा की टीम को सूचना मिली कि दोनों शूटर करनाल में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत रणनीति तैयार की और बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी। पुलिस टीम पर की सीधी फायरिंग
जैसे ही एसटीएफ की टीम ने दोनों संदिग्धों को पकड़ने की कोशिश की, उन्होंने खुद को घिरता देख पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान दो पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद वे गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया।
दो पिस्टल बरामद, अस्पताल में कराया भर्ती
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके की तलाशी ली, जहां से दो अवैध पिस्टल बरामद हुईं। घायल आरोपियों को तत्काल सिविल अस्पताल करनाल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद यह स्पष्ट होगा कि वे करनाल में किस संभावित बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
सोनीपत के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए दोनों शूटर सोनीपत जिले के दोदवा गांव के निवासी हैं। इनमें एक का नाम आशीष और दूसरे का नाम कपिल बताया गया है। प्रारंभिक जांच में इनके आपराधिक रिकॉर्ड और आपसी संबंधों की भी पड़ताल की जा रही है।
व्यापारियों और आमजन से पुलिस की अपील
डीएसपी अमन कुमार ने व्यापारियों और आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की धमकी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो बिना घबराए तुरंत पुलिस को सूचित करें। समय पर दी गई सूचना से बड़ी घटनाओं को रोका जा सकता है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।