पानीपत जिले के गांव कुराड के पास एक हादसा हो गया। जहां एक तेज रफ्तार और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार दो दोस्तों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 45 वर्षीय बिल्लू की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त राजकुमार घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित मौके से फरार हो गया। काम खत्म कर घर लौट रहा था मृतक के बड़े भाई शीशपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बिल्लू अपनी वर्कशॉप (मशीनरी मरम्मत की दुकान) चलाता था। रविवार शाम वह अपना काम खत्म करने के बाद अपने दोस्त राजकुमार के साथ बाइक पर सवार होकर वापस अपने गांव कुराड लौट रहा था। जैसे ही वे गांव के नजदीक पहुंचे, गन्ने से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली के ड्राइवर ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी। अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। गंभीर रूप से घायल बिल्लू को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, चोटें इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके दोस्त का इलाज जारी है। परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था बिल्लू बिल्लू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया है। शीशपाल ने रूंधे गले से बताया कि बिल्लू ही अपने परिवार में कमाने वाला इकलौता सदस्य था। उसकी मौत के बाद पूरे घर के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। प्रशासनिक अनदेखी पर उठे सवाल स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पानीपत की सड़कों पर गन्ने से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मौत बनकर दौड़ रही हैं। नियमों को ताक पर रखकर ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक गन्ना लादा जाता है। जिससे संतुलन बिगड़ने के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर-ट्रॉली ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।