पानीपत में किन्नरों ने पुलिसकर्मियों को पीटा, वर्दी फाड़ी:मेज पर चढ़कर उतारे कपड़े, मुंह से शराब की बदबू आ रही थी

पानीपत शहर के थाना सेक्टर 29 में पुलिस की कार्यप्रणाली में बाधा डालने और ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट व अभद्र व्यवहार का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने दो किन्नरों और एक युवक के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, घटना 19 फरवरी की रात करीब 11:45 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि रोहतक बाईपास के पास रवि नामक एक युवक से पैसे छीनने की कोशिश हुई है। जब ईआरवी-540 (ERV-540) के इंचार्ज ईएचसी विजय अन्य साथियों के साथ शिकायतकर्ता रवि और दो किन्नरों (आशु निवासी सोंधापुर और दीपा निवासी भैंसवाल चौक) को थाने लेकर पहुंचे, तो वहां हंगामा शुरू हो गया। थाने में तोड़फोड़ और अश्लीलता आरोप है कि जैसे ही पुलिस ने शिकायतकर्ता रवि को अपनी बात लिखकर देने को कहा, तभी दोनों किन्नरों ने थाने के अंदर हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने थाने में रखे गमले और प्लास्टिक की कुर्सियां उठाकर जमीन पर पटक दीं। इतना ही नहीं, दोनों किन्नरों ने मेज पर चढ़कर अपने कपड़े उतार दिए और अश्लील प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिसकर्मी की फाड़ी वर्दी, नशे में थे आरोपी जब ईएचसी विजय ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ हाथापाई की, उनके कंधे का स्टार और वर्दी के बटन तोड़ दिए। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर उन्हें काबू किया। शिकायत के अनुसार, तीनों आरोपियों (रवि और दोनों किन्नरों) के मुंह से शराब की तेज बदबू आ रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *