पानीपत में गाड़ी खड़ी करने पर चली गोली:पड़ोसियों में विवाद, ससुर को पीटने पहुंची टोली, वकील ने किया हवाई फायर

पानीपत शहर के तहसील कैंप थाना क्षेत्र के रमेश नगर में बुधवार शाम गाड़ी खड़ी करने की बात को लेकर दो पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष की स्थिति पैदा हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष द्वारा लाठी-डंडों से हमला करने की कोशिश के बाद बचाव में लाइसेंसी रिवॉल्वर से हवाई फायर करना पड़ा। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची। जिसके बाद स्थिति को काबू किया गया, पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई कर रही है। गाड़ी खड़ी करने पर विवाद शुरू जानकारी के अनुसार, विवाद बुधवार शाम करीब 4:15 बजे पड़ोसी रामकुमार और सुनील के बीच शुरू हुआ। रामकुमार ने अपनी गाड़ी सुनील के घर के पास खड़ी कर दी थी, जिसका सुनील ने विरोध किया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो बाद में बड़े झगड़े में बदल गई। 8-10 लोगों ने किया हमला, दामाद ने संभाला मोर्चा कहासुनी के कुछ देर बाद रामकुमार पक्ष के करीब 8-10 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर सुनील के घर पर हमला करने पहुंच गए। उस समय सुनील के घर उसका दामाद नितिन (निवासी सोनीपत) आया हुआ था। नितिन पेशे से वकील है। हमलावरों की भीड़ और हाथ में हथियार देखकर नितिन ने आत्मरक्षा में अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर निकाली और हवा में फायर कर दिया। फायरिंग के बाद मची भगदड़ जैसे ही गोली चलने की आवाज आई, लाठी-डंडे लेकर आए युवक और हमलावर मौके से भाग खड़े हुए। गनीमत यह रही कि हवाई फायर में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। लाइसेंसी हथियार के उपयोग और हमले की मंशा को लेकर कानून सम्मत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *