पानीपत जिले के गांव निंबरी के पास शनिवार शाम एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। एक तेज रफ्तार काले रंग की कार ने स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर हादसे के बाद अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया। थाना चांदनी बाग पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। दुकान बंद कर घर लौट रहा था भतीजा गांव निंबरी निवासी भूप सिंह ने पुलिस को बताया कि उसकी बबैल रोड स्थित बुद्धि राजा चौक पर मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। उसके पास ही उसके भतीजे श्रीकांत की हलवाई की दुकान है। शनिवार शाम करीब 4 बजे श्रीकांत अपनी नई ग्रे रंग की होंडा स्कूटी पर सवार होकर दुकान से गांव निंबरी के लिए निकला था। भूप सिंह और उसके भाई सुरेश भी अपनी बाइक पर श्रीकांत के पीछे-पीधे आ रहे थे। मोनिका साबुन फैक्ट्री के पास मारी टक्कर जैसे ही श्रीकांत निंबरी गांव के पास मोनिका साबुन फैक्ट्री के नजदीक पहुंचा, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उसकी स्कूटी को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि श्रीकांत स्कूटी समेत सड़क पर दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। मौके पर गिर गई कार की नंबर प्लेट, चालक फरार भूप सिंह ने बताया कि टक्कर मारने के बाद कार चालक ने एक पल के लिए गाड़ी रोकी, जिससे उन्होंने कार का नंबर नोट कर लिया। टक्कर के कारण कार की नंबर प्लेट भी टूटकर वहीं गिर गई। हालांकि, आरोपी चालक पकड़े जाने के डर से कार को तेज रफ्तार में भगा ले गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम परिजन तुरंत निजी वाहन का इंतजाम कर श्रीकांत को लहूलुहान हालत में पानीपत के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने भूप सिंह की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मौके से बरामद हुई नंबर प्लेट को कब्जे में ले लिया है और कार नंबर के आधार पर मालिक व चालक की पहचान की जा रही है।