हरियाणा और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए लूट के मामलों में वांछित 25 हजार के इनामी आरोपी अंकित को पानीपत के महराणा क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के लखीसराय जिले के हलसी थाने का घोषित अपराधी है और पिछले काफी समय से अपनी पहचान छिपाकर पानीपत में रह रहा था। डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने बताया कि बिहार पुलिस के सब इंस्पेक्टर सौरभ की टीम रविवार को आरोपी की लोकेशन ट्रेस करते हुए पानीपत पहुंची थी। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह के निर्देशानुसार 8 मरला चौकी इंचार्ज एएसआई बिजेंद्र और बिहार पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने करीब 4 घंटे तक क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया और अंततः आरोपी अंकित को बुड़शाम गांव के पास से दबोच लिया। बिहार में आतंक का पर्याय था आरोपी अंकित पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी अंकित ने वर्ष 2025 में एक के बाद एक तीन सनसनीखेज लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। इस गिरोह के अन्य सदस्य पहले ही पकड़े जा चुके थे, लेकिन अंकित लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। इसी कारण बिहार सरकार ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम रखा था। ट्रांजिट रिमांड पर बिहार ले गई पुलिस आठ मरला चौकी पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया। रविवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने 4 दिन का ट्रांजिट रिमांड हासिल किया है। अब आरोपी को बिहार ले जाकर लूट के माल की बरामदगी और अन्य पूछताछ की जाएगी।