पानीपत जिले के समालखा के प्रवाह मोहल्ला के व्यवसायी संदीप बंसल को रॉयल बिश्नोई गैंग के नाम पर 25 लाख रुपए की फिरौती की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद सहमे व्यवसायी ने समालखा थाना पुलिस को शिकायत देकर अपने व परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है। साथ ही व्यवसायी ने पुलिस को फिरौती कॉल की रिकॉर्डिंग भी दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। अज्ञात नंबर पर आई थी कॉल थाना पुलिस को दी शिकायत में संदीप बंसल ने बताया कि शुक्रवार, 6 मार्च की सुबह 10:35 पर उनके मोबाइल फोन पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को रॉयल बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और उनसे 25 लाख रुपए फिरौती की मांग की। बदमाश ने धमकी देते हुए कहा कि फिरौती की रकम तैयार रखने के लिए उनके पास सिर्फ दो दिन का समय है। व्यवसायी संदीप बंसल ने बताया कि वह एक मध्यमवर्गीय कारोबारी हैं। इस धमकी भरे कॉल के बाद से वह और उनका परिवार गहरे डर और दहशत के माहौल में जी रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें और उनके परिवार को जान-माल का खतरा है, इसलिए उन्हें तुरंत पुलिस सुरक्षा मुहैया कराई जाए। यहां पढ़िए 1 मिनट 9 सेकंड की ऑडियो में हुई बातचीत के मुख्य अंश बदमाश – संदीप बंसल बोल रहा है भाई
संदीप – हांजी बोलो
बदमाश – मैं बोल रहा हूं रॉयल बिश्नोई की गैंग से
संदीप – हांजी बोलो
बदमाश – 25 लाख की फिरौती है भाई
संदीप – समझा नहीं आपकी बात
बदमाश – 25 लाख की फिरौती मांग रहा हूं
संदीप – मेरे पास फिरौती देने के पैसे नहीं, मेरे पास खाने के पैसे नहीं है
बदमाश – मैंने 1 महीने से तेरे पीछे लड़के छोड़े हुए हैं
संदीप – बेशक 1 साल छोड़ ले भाई, मेरे पास तो जहर खाने के भी पैसे नहीं है
बदमाश – तेरे पास दो दिन का वक्त है