पानीपत में विवाहित की हत्या:शव को पुराने कपड़ों के साथ जलाने की फिराक में थे आरोपी ससुराल वाले, मायका वालों ने मौके पर पकड़ा

पानीपत के अर्जुन नगर, काबड़ी रोड निवासी एक युवक ने सिठाना गांव में अपनी बहन की संदिग्ध मौत के मामले में ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित भाई का दावा है कि उसकी बहन रानी को साजिश के तहत फांसी पर लटकाकर मारा गया और बाद में साक्ष्य मिटाने के लिए उसे जलाने की कोशिश की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ससुराल वालों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। 15 साल से प्रताड़ना का आरोप शिकायतकर्ता सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन रानी की शादी 13 नवंबर 2011 को सिठाना निवासी अजीत सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अजीत, ससुर नवाब सिंह और सास सुनहरी उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। सुनील के अनुसार, अजीत नशा करने का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए वह रानी के गहने तक बेच चुका था। कई बार पंचायतें भी हुईं, लेकिन ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला। ‘गाय ने टक्कर मारी’ कहकर दी मौत की सूचना सुनील ने बताया कि 17 फरवरी 2026 की शाम करीब 4 बजे उन्हें फोन पर सूचना दी गई कि रानी को गाय ने टक्कर मार दी है, जिससे उसकी मौत हो गई। इस सूचना पर संदेह होने पर जब परिजन गांव सिठाना पहुंचे, तो वहां आरोपियों के परिवार के सदस्यों (अमित, दीपक और परमजीत) ने उन्हें घर के अंदर जाने से रोका और मारपीट शुरू कर दी। सबूत मिटाने की कोशिश का दावा पीड़ित पक्ष का आरोप है कि जब वे पुलिस ( डायल 112) के साथ घर के अंदर दाखिल हुए, तो देखा कि आरोपी साजिश के तहत रानी के शव और उसके पुराने कपड़ों को जलाने की फिराक में थे ताकि सबूतों को खत्म किया जा सके। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और फोटो व अन्य रिकॉर्ड अपने कब्जे में लिए। पीड़ित की मांग सुनील कुमार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसकी बहन की हत्या करने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश करने के जुर्म में पति अजीत, ससुर नवाब, सास सुनहरी और अन्य सहयोगियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *