पानीपत में सौतेले पिता ने दूसरी बार किया रेप:पहले कराना पड़ा था गर्भपात; मई में जेल से आया बाहर, DNA रिपोर्ट का इंतजार

पानीपत में एक 16 वर्षीय लड़की ने अपने सौतेले पिता पर उसके साथ दोबारा दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। सौतेला पिता 2 महीने पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पुनः रेप का मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी अनुसार, पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में किराए पर रहने वाली बिहार की महिला ने बताया कि उसने 12 साल पहले अपने दूसरे पति (आरोपी) से शादी की थी। उसकी पहली शादी से एक बेटी है, जो अब 16 वर्ष की है। इससे पहले अगस्त 2024 में किशोरी ने सौतेले पिता के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। उस समय वह पांच माह की गर्भवती थी। उस समय पुलिस ने बाल कल्याण समिति (CWC) के माध्यम से किशोरी का गर्भपात कराया था और जांच के लिए किशोरी व आरोपी के डीएनए सैंपल लिए थे, जिनकी रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। आरोपी मई 2025 में जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दुष्कर्म केस में जेल में था बंद लड़की ने बताया था कि मार्च 2024 में उसके सौतेले पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। इससे वह गर्भवती हुई। पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को जेल भेज दिया था। वह अब मई के पहले सप्ताह में बेल पर बाहर आया था। 25 जून को किशोरी ने दोबारा पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उसके सौतेले पिता ने 20 मई को उसके साथ दुष्कर्म किया है। लडकी ने बताया कि उसको घर में अकेला पाकर उसके सौतेले पिता ने उसके साथ गलत काम किया। किसी को इस बारे में बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *