पानीपत में होली की खुशियां मातम में बदली:दो बाइकों का हुआ था टकराव; ईंटों से हमला कर युवक को उतारा मौत के घाट

होली के पावन पर्व पर पानीपत शहर के कच्ची फाटक रोड पर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। दो बाइक सवार गुटों के बीच हुई मामूली टक्कर ने हिंसक रूप ले लिया। जिसमें एक बेगुनाह युवक की जान चली गई। आरोपियों ने दूसरे गुट का सदस्य समझकर एक युवक पर ईंटों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अस्पताल ले जाते समय युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। मामूली कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष जानकारी के अनुसार, बुधवार को होली के दिन कच्ची फाटक रोड पर कई लोग त्योहार मना रहे थे। इसी दौरान दो बाइकों की आपस में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई और देखते ही देखते झगड़ा शुरू हो गया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद उस समय दोनों गुट वहां से चले गए थे। गलतफहमी में बेगुनाह पर हमला कुछ देर बाद एक गुट के युवक फिर से मौके पर लौटे। आरोप है कि उन्होंने वहां मौजूद रोहित (पुत्र रणबीर, निवासी यूपी, हाल निवासी शक्तिनगर) को दूसरे गुट का सदस्य समझ लिया। बदमाशों ने रोहित पर ईंटों से ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। हमला इतना भीषण था कि रोहित वहीं खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल में घोषित किया मृत स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल रोहित को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पास मिले मोबाइल और दस्तावेजों के जरिए पुलिस ने उसकी पहचान की और परिजनों को सूचित किया। परिजनों के पहुँचते ही अस्पताल में कोहराम मच गया। जांच में जुटी सीआईए और साइबर टीम घटना की सूचना मिलते ही थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस के साथ सीआईए (CIA) यूनिट और साइबर टीम भी सक्रिय हो गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *